सेक्टर-46 सी के पार्क का हुआ नवीनीकरण, सांसद मनीष तिवारी ने किया उदघाटन

पूर्व पार्षद जतिंदर भाटिया ने सांसद निधि से पार्क का विकास कराने के लिए मनीष तिवारी का धन्यवाद व्यक्त किया

CHANDIGARH, 14 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी ने आज सेक्टर-46 सी स्थित नेबरहुड पार्क के नवीनीकरण कार्य का विधिवत उदघाटन कर इलाकावासियों को बैसाखी का तोहफा दिया। इस पार्क के नवीनीकरण से क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। पार्क में बच्चों के लिए नए झूले लगाए गए हैं, जिससे उन्हें खेलने के लिए सुरक्षित स्थान मिला है। इसके अलावा सुबह-शाम सैर करने वाले लोगों के लिए एक सुसज्जित वॉकिंग ट्रैक भी तैयार किया गया है, जो स्थानीय निवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है।

कार्यक्रम के दौरान सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि शहर के हर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस पार्क का नवीनीकरण सांसद निधि से करवाया गया है, ताकि लोगों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें और बच्चों के लिए सुरक्षित खेल का माहौल तैयार हो सके। इस अवसर पर पूर्व पार्षद जतिंदर भाटिया ने इस पहल की सराहना की और इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने सांसद मनीष तिवारी का पार्क के विकास के लिए दिए गए फंड को लेकर धन्यवाद व्यक्त किया।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से कहा कि अब इस पार्क की संभाल की जिम्मेदारी उनकी है और इसे स्वच्छ रखने में पूरा सहयोग करें। इस मौके पर एरिया पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने अपने वार्ड फंड से पार्क में बुजुर्गों के बैठने के लिए हट बनाने का भी ऐलान किया। एचआईजी हाउस वेलफेयर संगठन के पदाधिकारियों ने भी सांसद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से क्षेत्र की सुंदरता और सुविधाओं में बढ़ोतरी होती है। पार्क में लगाए गए नए झूलों को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग संस्कृति कार्यक्रम पेश कर सांसद मनीष तिवारी का धन्यवाद किया।

बच्चों ने कहा कि अब उन्हें खेलने के लिए एक बेहतर और सुरक्षित स्थान मिल गया है। स्थानीय निवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे विकास कार्य जारी रहेंगे। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-46 के प्रधान बलविंदर सिंह उत्तम, सनातन धर्म मंदिर सेक्टर-46 के महासचिव सुशील सोवत, एचआईजी हाउस रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान सुशील कपूर व हेमराज शर्मा, गुरुद्वारा श्री सिंह सभा सेक्टर-46 के प्रधान कुलदीप सिंह, सनातन धर्म दशहरा समिति सेक्टर-46 के प्रधान नरेंद्र भाटिया सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!