भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश चंद जैन ने उठाया सवाल: सुरजेवाला को चंडीगढ़ पर सौदेबाजी का अधिकार किसने दिया ?

कहा- चंडीगढ़ का भविष्य केवल संवैधानिक प्रक्रिया, आपसी सहमति और चंडीगढ़वासियों की इच्छाओं के अनुरूप ही किया जा सकता है तय

CHANDIGARH, 20 DECEMBER: भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला के उस बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है, जिसमें कल सुरजेवाला ने कहा कि नई राजधानी बनाने के लिए मोदी सरकार एक लाख करोड़ रुपए दे दे तो चंडीगढ़ पर हरियाणा अपना अधिकार छोड़ देगा। कैलाश चंद जैन ने सुरजेवाला के इस बयान को दुर्भाग्यपूर्ण, गैर-जिम्मेदाराना और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत बताया है। कैलाश चंद जैन ने सवाल उठाया कि चंडीगढ़ जैसे संवेदनशील और ऐतिहासिक विषय पर इस प्रकार की सौदेबाजी की भाषा का प्रयोग करने का अधिकार रणदीप सिंह सुरजेवाला को किसने दिया है ? जैन ने कहा कि सुरजेवाला न तो हरियाणा के नागरिकों की ओर से कोई प्रस्ताव रखने के लिए अधिकृत हैं और न ही चंडीगढ़ अथवा हरियाणा की जनता ने उन्हें ऐसा कोई जनादेश दिया है। कैलाश चंद जैन ने कहा कि चंडीगढ़ कोई संपत्ति या व्यापारिक वस्तु नहीं है, जिसे किसी भी राशि के बदले छोड़े जाने की बात की जाए।

चंडीगढ़ का भविष्य केवल संवैधानिक प्रक्रिया, आपसी सहमति और चंडीगढ़वासियों की इच्छाओं के अनुरूप ही तय किया जा सकता है। किसी एक राजनीतिक नेता की टिप्पणी से न तो चंडीगढ़ की पहचान तय हो सकती है और न ही उसके अधिकारों पर कोई समझौता किया जा सकता है। कैलाश जैन ने कहा कि इस प्रकार के बयान केवल राजनीतिक लाभ और मीडिया प्रचार के उद्देश्य से दिए जा रहे हैं, जिससे चंडीगढ़वासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है। जैन ने सभी राजनीतिक नेताओं से ऐसे गैर-जिम्मेदाराना वक्तव्यों से परहेज करने तथा संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील की है।

error: Content can\\\'t be selected!!