Seva Pakhwada: 14वें दिन चंडीगढ़ भाजपा ने टीबी के ढाई सौ मरीजों को एक साल के लिए गोद लिया

भाजपा ने निक्षय मित्र योजना के तहत शुरू किया है टीबी मरीज गोद लेने का अभियान, चंडीगढ़ में सभी 926 मरीजों को गोद लेगी पार्टीः अरुण सूद

PM Modi’s birthday celebration CHANDIGARH, 30 SEPTEMBER: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक चलाए जा रहे सेवा पखवाड़े के तहत प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के सपने को साकार करने व टीबी से ग्रसित मरीजों को पौष्टिक आहार देने के उद्देश्य से आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने निक्षय मित्र योजना के तहत टीबी मरीजों को एक साल के लिए गोद लिया व उन्हें पौष्टिक आहार देने की शुरुआत की गई।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के निर्देशानुसार चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने टीबी मरीजों को गोद लेने का अभियान शुरू किया। चंडीगढ़ में टीबी के 926 मरीज रजिस्टर्ड हैं, जिनमें से आज भाजपा कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवी नागरिकों ने 250 मरीजों को एक साल के लिए गोद लिया। आज उनके घर जाकर पौष्टिक आहार की किट दी गई। कैलाश चंद जैन ने बताया कि ऐसी किट हर मरीज को एक साल तक हर माह दी जाएगी। शेष मरीजों को भी शीघ्र गोद लिया जाएगा और उन्हें भी पौष्टिक आहार की किट हर माह दी जाएगी।

इस अभियान को लेकर सेक्टर-27 में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टण्डन, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंदर सिंह, महामंत्री चंद्रशेखर, प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, जिलाध्यक्ष जतिन्दर मल्होत्रा, मण्डल अध्यक्ष सतबीर सिंह, मेडिकल प्रकोष्ठ के संयोजक प्रिंस बंदूला, सहसंयोजक डॉ. आरएस बेदी, डॉ. रमणीक शर्मा सहित अनेक दानकर्ता, कार्यकर्ता व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि मोदी सरकार ने निक्षय मित्र अभियान के जरिए 2025 तक भारत में टीबी को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। इस अभियान के अंतर्गत मोदी सरकार ने टीबी मरीजों को गोद लेने को बढ़ावा दिया है। इसके तहत ब्लॉक, जिलों या एक व्यक्तिगत मरीज को गोद लेकर उसका संरक्षण कर सकते हैं। इसमें टीबी मरीजों को पोषण और उपचार में सहायता मिलेगी।

सूद ने बताया कि इस अभियान में गोद लिए गए मरीजों के पोषण, निदान के लिए सहायता देने के साथ उनके परिवार के सदस्यों के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। इस अभियान के तहत एक टीबी मरीज को अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता की न्यूनतम अवधि एक साल होगी। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड सभी 926 मरीजों को गोद लेने फैसला किया है।

error: Content can\\\'t be selected!!