सेक्टर-43 और 35 में आवारा कुत्तों का आतंक, RWA पहुंची नगर निगम कमिश्नर के पास, ज्ञापन सौंपा
CHANDIGARH, 12 MARCH (ANewsoffice): रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) सेक्टर-43 और 35 के सदस्यों ने आज क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनसे उत्पन्न खतरों के समाधान के लिए नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती प्रेमलता के नेतृत्व में RWA प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा और इस गंभीर समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सेक्टर-43 RWA के प्रधान राजेश राय ने निगम कमिश्नर को अवगत कराया कि कुछ गलियों में कुत्तों का आतंक इस कदर है कि स्थानीय निवासी वहां से गुजरने में भी डरते हैं। क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में भय का माहौल है। ज्ञापन में यह भी मुद्दा उठाया गया कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर मांसाहारी भोजन डालते हैं, जिससे आवारा कुत्तों का जमावड़ा और आक्रामकता बढ़ रही है।
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को ध्यानपूर्वक सुना और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित विभाग को कुत्तों के बंध्याकरण (Sterilization) और अन्य निवारक उपायों में तेजी लाने के निर्देश देने की बात कही। इस अवसर पर मुख्य रूप से जसविंदर सिंह, लोकेश चोपड़ा, पुरुषोत्तम सिंह,गुरविंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य निवासी उपस्थित रहे।

