संगरूर उप-चुनाव के बहाने सुभाष चावला ने कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं पर साधा निशाना, की बेहद तल्ख टिप्पणी

बोले- दिल्ली में बैठे कांग्रेस के कुछ नेता ऊंट की सवारी कर रहे हैं, उनके पांव जमीन से ऊपर, कहा और भी बहुत कुछ

CHANDIGARH, 27 JUNE: संगरूर लोकसभा उप-चुनाव के परिणाम को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला ने आज कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं पर निशाना साधा। चावला ने बेहद तल्ख अंदाज में कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के कुछ नेता ऊंट की सवारी कर रहे हैं, जिनके पैर जमीन से ऊपर हो गए हैं। उन्हें नीचे उतरना होगा, तभी पार्टी का भला हो सकता है।

गौरतलब है कि संगरूर लोकसभा सीट के उप-चुनाव में अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान ने शानदार जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस, भाजपा व अकाली दल (बादल) के उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। यहां आम आदमी पार्टी को करारा झटका लगा है, क्योंकि आम आदमी पार्टी के नेता एवं पंजाब के वर्तमान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस सीट से लगातार दो बार सांसद चुने गए थे। मुख्यमंत्री बन जाने के बाद भगवंत मान के इस सीट से इस्तीफे के कारण ही यहां उप-चुनाव हुआ था।

कल आए इस चुनाव के परिणाम पर आज प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुभाष चावला ने एक बयान में कहा कि इस चुनाव के रिजल्ट ने एक बार फिर तमाम पार्टियों के नेताओं को बता दिया कि लोकतंत्र में आप लोग नहीं, जनता ही असली मालिक है। संगरूर लोकसभा क्षेत्र की जनता ने जो कुछ आम आदमी पार्टी के साथ किया, वह उसकी हकदार ही थी, क्योंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नजर ही नहीं आ रही है। भ्रष्ट लोगों के खिलाफ अभियान जैसे इस सरकार के कदमों ने दूसरे मुद्दे पीछे छोड़ दिए हैं। हर जगह डर का माहौल है। पंजाब में आज कोई भी वर्ग अपने आपको सुरक्षित नहीं समझ रहा है,। कानून का राज तो कहीं नजर नहीं आ रहा। मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी पुरानी छवि के साथ ही नजर आते हैं।

सुभाष चावला ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा व अकाली दल बस इसी बात से खुश नजर आ रहे हैं कि सिमरनजीत सिंह मान ने उस आम आदमी पार्टी को हरा दिया, जिसने तीन महीने पहले इन तीनों दलों को सत्ता से बेदखल किया था, जबकि इस उप-चुनाव में इन तीनों पार्टियों के उम्मीदवारों की जमानत तक नहीं बची है, इस पर भी उन्हें विचार करना चाहिए। चावला ने कहा कि कांग्रेस को तो इस बारे में ज्यादा चिंता करनी चाहिए, क्योंकि वह 2014 के बाद से लगातार झटके खाती आ रही है। कभी जनता कांग्रेस का साथ नहीं देती तो कभी अपने उसका साथ छोड़ देते हैं। चावला ने कहा कि दिल्ली में बैठे कांग्रेस के कुछ नेता ऊंट की सवारी कर रहे हैं। उनके पांव ज़मीन से ऊपर हो गए हैं। इनको नीचे उतरना होगा, तभी पार्टी का भला होगा। अकेले राहुल गांधी की माला जपने से कुछ नहीं होगा। सुभाष चावला ने यह भी कहा कि कुछ लोगों ने राहुल गांधी की सादगी का फायदा उठाने का टैंडर ही ले लिया लगता है।

error: Content can\\\'t be selected!!