समाजसेवी अनूप सरीन के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ जस्टिस गुरबीर सिंह ने पौधा लगाकर किया
CHANDIGARH, 16 JULY (ANewsoffice): भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था चंडीगढ़ द्वारा शहर को हरा-भरा रखने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर 1001 पौधे लगाने के लक्ष्य के तहत आज संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी अनूप सरीन के नेतृत्व में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-34 में पौधारोपण किया गया।
मुख्य अतिथि पंजाब स्टेट ह्यूमन राइट्स कमीशन के सदस्य जस्टिस गुरबीर सिंह ने पौधारोपण करके कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अनार, अमरूद, पपीता, संतरा, मोरिंगा, आम, जामुन और विभिन्न फूलों के पौधे लगाए गए। जस्टिस गुरबीर सिंह ने भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के सकारात्मक प्रयासों की सराहना की और वृक्षों की महत्ता के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि पेड़ पर्यावरण को संतुलित रखने के साथ-साथ हवा को शुद्ध करते हैं, बारिश लाते हैं, मिट्टी का कटाव रोकते हैं और वन्यजीवों को आश्रय प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि पेड़ जीवन का मुख्य आधार हैं, जिनके बिना धरती पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। इस मौके पर अनूप सरीन ने पोधारोपण करने और वृक्षों को बचाने के लिए एक गीत द्वारा सभी को प्रेरित किया। कार्यक्रम में भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के सदस्यों बरफ सिंह पंवार, पायलट सिंह, राम बहादुर, बसंत जोशी, नरेश गोयल, सुभाष, सुदर्शन पाराशर, जोगिन्दर गोयल, राज, उषा, मानसी, मीनाक्षी, पुष्पा, राजिन्दर, विजय जिंदल, सूर्या, अमित आदि ने उत्साह के साथ भाग लिया।

