अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ईडी जैसी संस्था का दुपयोग कर रही भाजपा सरकार को इसका खामियाजा जरूर भुगतना पड़ेगाः लक्की

दिल्ली के जंतर-मंतर पर बोले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष- अग्निपथ योजना के नाम पर देश के युवाओं के साथ भद्दा मजाक किया मोदी सरकार ने

NEW DELHI, 20 JUNE: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ ईडी जैसी संस्था का दुपयोग कर रही केंद्र की भाजपा सरकार को आने वाले दिनों में इसका खामियाजा जरूर भुगतना पड़ेगा। देश भाजपा के चाल-चरित्र को भलीभांति समझ चुका है। इस सरकार ने पिछले आठ साल में देश के लोगों को सिर्फ आपस में लड़वाने का काम किया है तथा देश को महंगाई व बेरोजगारी के दलदल में धकेल कर अब अग्निपथ योजना के नाम पर देश के युवाओं के साथ भद्दा मजाक कर डाला है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लक्की आज अग्निपथ योजना और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कांग्रेस पार्टी के धरना-प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। लक्की अपने कई समर्थकों के साथ इस धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन की शुरूआत इस शेर के साथ की…

अगर तेरा लहू बहे जमीं पर तो तू गम न कर,
हो सके तो इस जमीं से महकते गुलाब पैदा कर।
इंकलाब की इबादत का अब तू इंतजार न कर,
हो सके तो खुद इंकलाब बनकर इंकलाब पैदा कर।।

लक्की ने धरना-प्रदर्शन में शामिल लोगों, खासकर युवाओं में अपने संबोधन से जोश भर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के साथ हमेशा की तरह आज भी मजबूती से खड़ी है। मोदी सरकार ईडी जैसी कार्रवाइयों से कांग्रेस पार्टी के हौसलों को कभी कमजोर नहीं कर पाएगी। भाजपा सरकार अपनी जन विरोधी नीतियों के कारण लगातार बेनकाब हो रही है। लक्की ने कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा के आठ साल के शासन को देखकर अब देश की जनता कहने लगी है, बहुत हुई महंगाई की मार, चलती करो मोदी सरकार। इसी तरह सत्ता में आने से पहले काला धन विदेशों से वापस लाने की बात करने वाली भाजपा सत्ता पाकर कालेधन के कुबेरों के आगे नतमस्तक हो गई है। अमीरों को और ज्यादा अमीर बनाने का काम करने वाली मोदी सरकार ने देश के मध्यम वर्ग को भी गरीब बनाने वाली नीतियां देश पर थोप दी हैं। यह सरकार आम आदमी की हर जरूरत के मोर्चे पर बुरी तरह फेल साबित हुई है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में इस सरकार का जाना तय है।

error: Content can\\\'t be selected!!