चंडीगढ़ कांग्रेस ने मनरेगा के नाम और प्रावधानों से छेड़छाड़ के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन

सेक्टर-35 में मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

CHANDIGARH, 21 DECEMBER (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने महात्मा गांधी नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट (मनरेगा) के नाम में बदलाव करने तथा इसके कई अहम प्रावधानों में संशोधन के खिलाफ आज सेक्टर-35 चंडीगढ़ में भाजपा और मोदी सरकार के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस पार्टी के पार्षद, वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान हाथों में नारे लिखी तख्तियां और कांग्रेस के झंडे थामे हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ‘महात्मा गांधी अमर रहें, महात्मा तेरा ये अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि महात्मा गांधी का बलिदान और योगदान इस देश के लिए अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आज इतिहास को बदलने की कोशिश कर रही है और कांग्रेस द्वारा बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ छेड़छाड़ कर रही है। लक्की ने कहा कि दो दिन पहले लोकसभा में पारित किया गया बिल, जिसके तहत मनरेगा का नाम बदला गया, भाजपा की संकीर्ण और छोटी सोच को दर्शाता है। मनरेगा जैसी योजना कांग्रेस ने गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाई थी लेकिन आज इसके मूल स्वरूप को कमजोर किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मजदूरी के भुगतान में 60:40 का नया अनुपात लागू कर राज्यों पर 60 प्रतिशत मजदूरी का बोझ डालना और केंद्र द्वारा केवल 40 प्रतिशत वहन करना मजदूरों के साथ सीधा धोखा है। इससे न केवल राज्यों की वित्तीय स्थिति पर दबाव पड़ेगा, बल्कि गरीब मजदूरों के हक भी प्रभावित होंगे। प्रदेश अध्यक्ष लक्की ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी मनरेगा और मजदूरों के अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला बर्दाश्त नहीं करेगी। चंडीगढ़ के हर गांव, कॉलोनी और सेक्टर में विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी, सचिन गालव, पवन शर्मा, पूर्व मेयर कमलेश बनारसीदास, दिलावर सिंह, सुरजीत ढिल्लों, नरिंदर नंदी ,आसिफ चौधरी, राजीव मोदगिल, जाहिद परवेज खान,संजीव गाबा, ममता डोगरा, हाजी यूनुस, अच्छे लाल गौड़, संदीप गुर्जर, जाफर इरफान, बीएम खन्ना, परवीन टीटू, रमेश गुप्ता, सुभाष, विक्टर सिद्धू, रजनी तलवार, लेखपाल, अजय शर्मा मैरी, अमृतलाल काला, राजदीप सिद्धू, बलराज, धर्मवीर, रमेशआहूजा, मनीष लाम्बा, वीनू चहान, राजीव चौधरी, केएस चौधरी, नेतराम, राहुल ,मंजूर खान, डॉ. केशमप्रीत, राणो देवी, वेद प्रकाश, सिमरन, सन्नी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!