चंडीगढ़ कांग्रेस के कॉलोनी सेल और पूर्वांचल सांस्कृतिक महासंघ ने विकास नगर मौली जागरां में धूमधाम से मनाई विश्वकर्मा जयंती

कांग्रेस के शासन में हासिल की गई देश की आर्थिक प्रगति को खत्म करने में लगी है मोदी सरकार: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 25 OCTOBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कॉलोनी सेल और पूर्वांचल सांस्कृतिक महासंघ ने आज विकास नगर मौली जागरां में बड़ी धूमधाम से विश्वकर्मा जयंती मनाई, जिसमें हजारों स्थानीय लोगों ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद एक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष बंसल सम्मानित अतिथि के रुप में शामिल हुए। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल भी इस समारोह में भाग लेने के लिए आने वाले थे लेकिन कल दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यभार सम्भालने के उपलक्ष्य में की जा रही तैयारियों में व्यस्त रहने के कारण बंसल नहीं आ सके।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कॉलोनी सेल के अध्यक्ष मुकेश राय ने कहा कि आज सारे देश का मजदूर और कामगर वर्ग भारी संकट के दौर से गुजर रहा है और उन्हें भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद की सख्त जरूरत है। भगवान विश्वकर्मा को दिव्य वास्तुकार बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ही सारे ब्रम्हांड का निर्माण किया है। राय ने मोदी सरकार पर देश के कुछ अमीर कारोबारी परिवारों को चलाने के लिए मजदूर वर्ग के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए लोगों से आगाह किया कि अगर पिछले कुछ सालों से जारी आर्थिक गिरावट का दौर जल्दी ही नहीं बदला गया तो भारत को श्रीलंका जैसे हालात का सामना करना पड़ सकता है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भगवान विश्वकर्मा के समक्ष माथा टेकते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने निजी क्षेत्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए सार्वजनिक क्षेत्र को हमेशा मजबूत किया, जिससे मजदूर वर्ग को आगे बढ़ने और प्रगति करने में मदद मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि अतीत में कांग्रेस के शासन के दौरान हासिल की गई देश की आर्थिक प्रगति को अब वर्तमान मोदी सरकार अपनी विभाजनकारी और जनविरोधी नीतियों से खत्म करने में लगी हुई है।

पूर्वांचल सांस्कृतिक संघ के अध्यक्ष मनोज सिंह ने भगवान विश्वकर्मा की शिक्षाओं को याद किया और कामकाजी समुदायों और कारीगरों से अपने हितों की रक्षा के लिए एक साथ आने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार द्वारा उनका और उनकी आने वाली सन्तानों का भविष्य खतरे में डाला जा रहा है।इस अवसर पर बोलने वाले अन्य लोगों में जगदीश चौधरी, परमानंद, कैलाश पाल, देव कुमार, राकेश राय, प्रेम सिंह, शिव पाल, शुभम चौधरी और प्रमोद सिंह शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!