चंडीगढ़ में लालडोरे के बाहर हुए निर्माणों को रेगुलर करने के फैसले से गांववासियों में खुशी की लहर: अरुण सूद

23 गांवों के किसानों व पूर्व सरपंचों ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर अरुण सूद का जताया आभार, कालोनियों के लोगों ने भी किए धन्यवाद कार्यक्रम

CHANDIGARH, 20 AUGUST: चंडीगढ़ में लाल डोरे के बाहर हुए निर्माणों को नियमित करने के प्रशासन के फैसले को लेकर आज चंडीगढ़ के 23 गांवों के किसानों व पूर्व सरपंचों ने सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला भाजपा के प्रयास के बाद ही संभव हो पाया है। उन्होंने अपनी कुछ शंकाओं के बारे में भी अरुण सूद से बात की।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि चंडीगढ़ की पुनर्वास कॉलोनियों के लोगों को मकान का मालिकाना हक दिलवाने के ऐतिहासिक निर्णय में भी भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के प्रयासों को लेकर आज डॉ. भीमराव अम्बेडकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भी अरुण सूद का आभार व्यक्त करने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन कार्यक्रमों में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के अलावा उपाध्यक्ष दविंदर सिंह, उमेश घई, जिला अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया और अन्य कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सेक्टर-38 की ऊन मार्केट, सेक्टर 37-सी की कोलोनी और डड्डूमाजरा सेक्टर 38-डी के मैदान में स्थानीय लोगों ने धन्यवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस दौरान लोगों ने ढोल आदि के साथ पुष्प वर्षा कर अपनी खुशी जाहिर की और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद तथा सभी गणमान्य व्यक्तियों को पुष्पगुच्छ और सिरोपे डालकर उनका भव्य स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल राजनीति नहीं करती, बल्कि गरीबों के हक के लिए सदैव तत्पर रहती है। सूद ने बताया कि उनकी अध्यक्षता में भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधिमंडल, जिसमें मेयर अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री संगठन श्रीनिवास, प्रदेश महामंत्री चंद्र शेखर व रामवीर शामिल थे, चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित से मिला था। अरुण सूद ने कहा कि भाजपा लंबे समय से मांग करती आ रही थी कि 1979 में पुनर्वास योजना के तहत जिन झुग्गी-झोपड़ीवासियों को फ्लैट आवंटित किए गए थे और जिनमें अधिकतर लोगों ने एक बार या इससे अधिक इनको अन्य व्यक्तियों को बेच दिया था, इन फ्लैटों के खरीददार सभी लोगों को एक नई पॉलिसी बनाकर मालिकाना हक दिया जाए। सूद ने कहा कि भाजपा की इस मांग को स्वीकार करते हुए प्रशासक ने शहर के डिप्टी कमिश्नर को यह आदेश दिए कि दो महीने के अंदर इन मकानों का सर्वे करके जो भी व्यक्ति G.P.A. के आधार पर इन मकानों की मालकियत का दावा करता है, उसे एक नीति द्वारा इस मकान का मालिकाना हक दिया जाए।

अरुण सूद ने लोगों से अपील की कि वह प्रशासन द्वारा होने वाले सर्वे में भाग लेकर अपने सभी दस्तावेज जमा करवाएं और प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि भाजपा किसी व्यक्ति को भी उसके मकान से बेदखल होने नहीं देगी तथा सभी घरों के मालिकाना हक उनके सही मालिकों को सुनिश्चित करवाएगी। इस मौके पर जिला अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद की अगुवाई में भाजपा गरीबों के हकों के लिए दिन-रात एक किए हुए है। मालिकाना हक के फैसले से हजारों घरों में दीवाली जैसा माहौल है और सभी लोग हृदय से भारतीय जनता पार्टी तथा उसके सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए नहीं थक रहे। इन लोगों का मानना है कि भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो बात कही वो करके दिखाई है। इससे लोगों के बीच भाजपा में विश्वास पनपना सहज है।

error: Content can\\\'t be selected!!