किसान विरोधी भाजपा का चेहरा कई बार हो चुका बेनकाब: चंडीगढ़ युवा दल

सरकार किसानों के साथ दमनकारी नीति अपना रही हैः सुनील यादव

CHANDIGARH, 3 MARCH: भारतीय जनता पार्टी किसानों को कुचलने की तैयारी कर रही है। यह आरोप चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान विनायक बंगिया व संयोजक सुनील यादव ने चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के विवादित ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए लगाया है। हालांकि मल्होत्रा ने अपना ट्वीट बाद में लोगों के भारी असंतोष को देखते हुए डिलीट कर दिया। चंडीगढ़ युवा दल के नेताओं ने कहा कि किसान विरोधी भाजपा का चेहरा कई बार बेनकाब हो चुका है।

चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान बंगिया ने कहा कि एक तरफ तो भाजपा में चलो गांव की ओर अभियान चलाया जाता है, वहीं गांव में जाकर भूमि पुत्रों को धमकी दी जा रही है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अपना विवेक खो बैठे हैं और खुले आम सोशल मीडिया पर किसान विरोधी ट्वीट कर रहे हैं। बंगिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने 2 साल पहले भी कंटीले तार बिछाए थे, किसानों पर लाठियां भांजी गई थीं और उनके रास्ते में सीमेंट के बैरिकेड लगाए गए थे। अब फिर सरकार इसी तैयारी में है। पिछले आंदोलन में 750 किसानों ने शहादत दी थी। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीन काले कानूनों को वापस लिया था और एमएसपी की गारंटी के लिए कानून बनाने का वायदा किया था। बंगिया ने कहा कि देश के किसान प्रधानमंत्री मोदी को उनका वायदा याद दिलाने दिल्ली जा रहे हैं, लेकिन हरियाणा की खट्टर सरकार ने बॉर्डर सील कर दिए, सीमेंटेड ब्लॉक लगा दिए। जनता को भारी परेशानी हो रही है, परंतु हरियाणा पुलिस जिस तरीके से सड़कों को अवरूद्ध करने का काम कर रही है, वो निंदनीय है।

चंडीगढ़ युवा दल के संयोजक सुनील यादव ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार एमएस स्वामीनाथन और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न के सम्मान से नवाज रही है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों के लिए समर्पित कर दिया। वहीं आज किसानों को पूरी तरह बंधक बनाने की तैयारी की जा रही है। अब जब किसान प्रधानमंत्री मोदी को उनका वायदा याद दिलाना चाहते हैं तो सरकार किसानों के साथ दमनकारी नीति अपना रही है। किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े हुए हैं। सुनील यादव ने कहा कि हम मांग करते हैं कि किसानों की एमएसपी की मांग पूरी होनी चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!