गांधी स्मारक भवन चंडीगढ़ में गांधी स्मारक निधि के संस्थापक स्व. पंडित ओम प्रकाश त्रिखा की पुण्य तिथि व माता लक्ष्मी देवी का स्मृति दिवस मनाया

CHANDIGARH, 10 NOVEMBER: गांधी स्मारक निधि चंडीगढ़ की ओर से गांधी स्मारक निधि के संस्थापक प्रसिद्ध गांधीवादी विचारक, स्वतंत्रता सेनानी तथा महात्मा गांधी एवं सरदार पटेल के साथ काम कर चुके स्व. पंडित ओम प्रकाश त्रिखा की 38वीं पुण्य तिथि तथा माता लक्ष्मी देवी का स्मृति दिवस आज श्रद्धापूर्वक गांधी स्मारक भवन सैक्टर 16 चंडीगढ़ में मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ श्रीमती कंचन त्यागी के भजन से हुआ। देवराज त्यागी सचिव गांधी स्मारक निधि चंडीगढ़ ने बताया कि ओम प्रकाश त्रिखा एवं लक्ष्मी देवी ने गांधी जी के रचनात्मक कार्यों को चलाने में अपना सारा जीवन अर्पण कर दिया। पंडित ओम प्रकाश त्रिखा ने खादी ग्रामोद्योग के काम से शुरूआत की तथा साईमन कमीशन के विरोध में लाठियां खाई तथा जेल यात्रा भी की। गांधी जी के ‘हरिजन‘ पत्र को उर्दु में छापने की जिम्मेदारी भी निभाई। त्रिखा जी उदार हृदय कवि तथा हिन्दी व उर्दू के अच्छे साहित्यकार थे। उन्होंने विभिन्न विषयों पर 23 पुस्तक लिखीं।

डाॅ. नरेश शर्मा अध्यक्ष योग इण्डिया फाउन्डेशन भारत ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ओम प्रकाश त्रिखा एवं लक्ष्मी देवी ने पंजाब व हिमाचल प्रदेश में संत विनोबा भावे की भूदान पद यात्रा की व्यवस्था की तथा यात्रा में भी साथ रहे। डाॅ. एमपी. डोगरा अध्यक्ष प्राकृृतिक समिति ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि गांधी स्मारक निधि के नाम करोड़ों रुपए की राशि जमा हुई थी। उस समय गांधी स्मारक निधि के अध्यक्ष डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद थे। उनके कहने पर सरदार पटेल के विशेष आग्रह पर ओम प्रकाश त्रिखा ने निधि की जिम्मेवारी ली तथा कार्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के लिए अनेक शिविर लगाये और कई जगह वाचनालय तथा पुस्तकालय खोले गये। पंजाब ग्राम सेवा मंडल की 1936 में स्थापना की तथा स्वतंत्रता के आंदोलन में सक्रिय तौर पर भाग लिया तथा कई बार जेल भी गए।

खादी आश्रम के सचिव संजय शर्मा तथा क्षेत्रीय पंजाब खादी मंडल खरड़ के मंत्री सोहन लाल सैनी ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि त्रिखा जी कहते थे कि सच्चा धन वह नहीं जो अमीरों की तिजोरी में पड़ा है, सच्चा धन वह है जो शारीरिक श्रम, सदाचार और सद्व्यवहार से कमाया जाये। मानव कल्याण और सेवा द्वारा जो यश प्राप्त होता है वही सच्चा धन है। इस अवसर पर खादी आश्रम के मंत्री संजय शर्मा तथा पंजाब खादी मंडल के मंत्री सोहन लाल सैनी को निधि की ओर से शाॅल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ट्राइसिटी के बुद्धिजीवी पापिया चक्रवर्ती, आनन्द राव, रमा देवी, नीरजा राव, डाॅ. भूपेन्द्र शर्मा, ईश्वर अग्रवाल, योगेश बहल, अमित, विक्की, पूनम शर्मा, नवीन, गोविन्द शर्मा एवं खादी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!