नूंह में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण, अब तक 6 लोगों के मारे जाने की सूचना: मुख्यमंत्री

किसी भी दोषी या षड्यंत्रकारी को बख्शा नहीं जाएगा: मनोहर लाल

CHANDIGARH,2 AUGUST: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नूंह में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस दर्दनाक घटना में अभी तक 6 लोगों की मृत्यु हुई है, जिनमें दो होमगार्ड के जवान हैं और 4 नागरिक शामिल हैं। कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नल्हड़ अस्पताल, मेदांता अस्पताल, गुरुग्राम व अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार चल रहा है।

 मनोहर लाल ने कहा कि जो षड्यंत्रकारी थे, उनकी पहचान की जा रही है और सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। इसके अलावा, जो लोग भागे हुए हैं, उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है। अभी तक 116 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं, आज उनका रिमांड लिया जाएगा और उनसे जानकारी हासिल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इसमें दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा पुलिस की 30 कंपनियां तैनात की गई हैं और केंद्रीय सुरक्षाबलों की 20 कंपनियां केंद्र से हमें मिली थी, जिनमें से 3 कंपनियां पलवल, 2 कंपनियां गुरुग्राम और 1 कंपनी को फरीदाबाद में तैनात किया गया है तथा 14 कंपनियां नूंह जिले में तैनात की गई हैं। आम नागरिकों की सुरक्षा करना हमारा दायित्व है, उनकी सुरक्षा के लिए हमारी सुरक्षा एजेंसियां, पुलिस सभी सतर्क हैं। अन्य स्थानों पर भी जो छुट-पुट घटनाएं हुई हैं, उन पर नियंत्रण कर लिया गया है, स्थिति सामान्य हो गई है।

शांति और भाईचारा बनाकर समाज की एकता का संदेश दें आम नागरिक

मनोहर लाल ने जनता से अपील करते हुए कहा कि लोग शांति बनाए रखें, आपसी तनाव से भाईचारा बिगड़ता है, इसलिए नागरिक भाईचारा बनाए रखें। भाईचारा बनाए रखने में ही प्रदेश की खुशहाली है, किसी प्रकार की घटना को आगे न बढ़ने दें। आमजन शांति और भाईचारा बनाकर समाज की एकता का संदेश दें।

error: Content can\\\'t be selected!!