फिर सुनील जाखड़ होंगे पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष !

CHANDIGARH: पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अचानक नवजोत सिंह सिद्धू के इस्तीफे के बाद अब पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि पंजाब कांग्रेस की कमान एक बार फिर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुनील जाखड़ के हाथ में आ सकती है। सिद्धू से पहले सुनील जाखड़ ही पंजाब प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष थे।

गौरतलब है कि गत 18 जुलाई को ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष बने नवजोत सिंह सिद्धू ने आज अचानक इस पद से इस्तीफा देकर पंजाब में कांग्रेस को मुश्किल में डाल दिया है। सिद्धू ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेज दिया है लेकिन अभी तक उनका इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। सिद्धू के इस्तीफे के बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष गुलजार इंदर चहल ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कहा जा रहा है कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब में नया मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी मर्जी के फैसले व उनकी पसंद के लोगों को तरजीह न मिलने से नाराज हो गए थे। सिद्धू पंजाब में नए मुख्य सचिव तथा नए डीजीपी की नियुक्ति में भी अपनी न चलने से गुस्सा बताए जा रहे हैं। साथ ही आज ही चरणजीत सिंह चन्नी मंत्रिमंडल के मंत्रियों को विभागों के बंटवारे से भी संतुष्ट नहीं थे। वह उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को गृह मंत्रालय देने के पक्ष में भी नहीं बताए जा रहे थे।

अब नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार होने की स्थिति में नए पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में एक बार फिर सुनील जाखड़ को ही प्रदेश कांग्रेस की कमान मिलने के आसार बन रहे हैं। सुनील जाखड़ को हटाकर ही सिद्धू को पंजाब कांग्रेस प्रधान बनाया गया था लेकिन जब कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद नए मुख्यमंत्री के चयन की कवायद शुरू हुई तो सुनील जाखड़ का नाम प्रमुखता से लिया जाने लगा था परंतु पार्टी में किसी सिख को ही मुख्यमंत्री बनाए जाने की उठी मांग के बाद सुनील जाखड़ का मुख्यमंत्री पद के लिए भी पत्ता साफ हो गया था। इसके बाद सुनील जाखड़ भी नाराज हो गए थे। नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के शपथ ग्रहण समारोह में चंडीगढ़ आए राहुल गांधी व शिमला आईं प्रियंका गांधी सुनील जाखड़ की नाराजगी को देखते हुए जाखड़ को मनाने के लिए उन्हें अपने साथ दिल्ली ले गए थे। कहा जा रहा था कि जाखड़ को 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पंजाब प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रचार कमेटी का चेयरमैन बनाया जा सकता है। तब से सुनील जाखड़ ने भी चुप्पी साध ली थी। अब जब नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है तो माना जा रहा है कि सिद्धू का इस्तीफा मंजूर होने की स्थिति में अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी एक बार फिर सुनील जाखड़ को ही सौंपी जा सकती है।

error: Content can\\\'t be selected!!