संगठन सचिव पद पर नगरकोटी ग्रुप के राजेंद्र सिंह बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए, बाकी 4 पदों के लिए 21 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे
CHANDIGARH, 14 DECEMBER: शहर में 21 दिसंबर को होने वाले कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के पदाधिकारियों के चुनाव में इस बार गोकुल सिंह नगरकोटी और सुमन शंकर तिवारी ग्रुप आमने-सामने हैं। नगरकोटी ग्रुप का चुनाव चिन्ह ‘गाय’ है और तिवारी ग्रुप का चुनाव चिन्ह ‘ध्वजा सहित भवन’ है। लिहाजा, इस चुनाव को लेकर चंडीगढ़ में रह रहे उत्तराखंड मूल के कुमाऊंनी नागरिकों में इन दिनों माहौल गर्म है। कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस चुनाव में चार पदों प्रधान, वरिष्ठ उप प्रधान, महासचिव और कोषाध्यक्ष के लिए वोट डाले जाएंगे, जबकि मुख्य संगठन सचिव का पद गोकुल नगरकोटी की टीम के उम्मीदवार राजेंद्र सिंह बिष्ट ने निर्विरोध रूप से जीत लिया है। रविवार को दोनों टीमों ने चंडीगढ़ ट्राइसिटी के अलग-अलग क्षेत्रों में सभा के सदस्यों के घर जाकर तथा जनसभाएं आयोजित करके अपने-अपने पक्ष में चुनाव प्रचार किया।

गोकुल सिंह नगरकोटी ने अपनी टीम के साथ पंचकूला के सेक्टर-14, 16, 19, इंदिरा कॉलोनी तथा मनीमाजरा में चुनाव प्रचार किया। गोकुल सिंह नगरकोटी ने बताया कि उनके घोषणा पत्र में चंडीगढ़ में कुमाऊं भवन बनाना, चंडीगढ़ से काठगोदाम तथा रामनगर जाने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव, सभा में महिलाओं तथा युवाओं की समुचित भागीदारी सुनिश्चित करना, मेधावी छात्र-छात्राओं तथा खिलाड़ियों को सम्मान एवं सहायता देना, उत्तराखंड से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ आने वाले रोगियों की सहायता करना, कुमाऊंनी भाषा तथा संस्कृति का संरक्षण और बढ़ावा, तथा ‘मेरा गांव मेरा तीर्थ’ प्रोग्राम का आयोजन करना उनकी टीम के मुख्य मुद्दे हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें हर तरफ से भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इसलिए उनकी टीम इस चुनाव में जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है। रविवार को उनके चुनाव प्रचार में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष तथा पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर हीरा नेगी, कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के पूर्व प्रधान बचन सिंह नगरकोटी, पूर्व कोषाध्यक्ष थान सिंह बिष्ट, कुमाऊं युवा परिषद के संस्थापक सदस्य बाला दत्त बेलवाल समेत सभा के कई वरिष्ठ सदस्य, महिला एवं युवा तथा काफी संख्या में अन्य सदस्य शामिल हुए।

