कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स एवं स्वदेशी रोजगार मंच ने आयोजित किया कार्यक्रम
स्वदेशी अभियान भारत को आर्थिक रूप से स्वतंत्र करने और दुनिया की महान शक्ति बनाने में सहायक होगा: हरीश गर्ग
CHANDIGARH, 13 OCTOBER (ANewsoffice): कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) एवं स्वदेशी रोजगार मंच ने अपने स्वदेशी अभियान आंदोलन के तहत यहां सेक्टर-29 स्थित सेवा भारती भवन में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर लोगों ने स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प लिया। इस कार्यक्रम में स्वदेशी रोजगार मंच के अखिल भारतीय संगठन मंत्री सतीश कुमार, प्रांतीय संगठन मंत्री विनय कुमार, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय सचिव एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग, महासचिव भीमसेन, अमित कुमार, मयंक, रोहित आदि भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय संगठन मंत्री सतीश कुमार ने उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया कि वे स्वदेशी सामान का उपयोग ही करेंगे और इसी का प्रचार-प्रसार करेंगे। इस अवसर पर CAIT के राष्ट्रीय सचिव एवं चंडीगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष हरीश गर्ग और महासचिव भीमसेन ने स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग पर जोर देते हुए लोगों को इसके महत्व से अवगत कराया और व्यापारियों से आग्रह किया कि वे भी विदेशी सामान से कमाई करने का लालच छोड़ें और स्वदेशी सामान ही बेचें। हरीश गर्ग ने कहा कि स्वदेशी संकल्प केवल एक कार्यक्रम ही नहीं, यह राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। इससे पूर्व जब देश गुलाम था तो हमारे पूर्वजों ने और देश को आजाद करवाने के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने ‘विदेशी सामान छोड़ो’ का अभियान चलाया था। हरीश गर्ग ने कहा कि आज का स्वदेशी अभियान भारत को आर्थिक रूप से स्वतंत्र करने और दुनिया की महान शक्ति बनाने में सहायक होगा। कार्यक्रम में CAIT के चंडीगढ़ चैप्टर के उपाध्यक्ष प्रेम कौशिक और हरिशंकर मिश्रा ने भी अपने विचार रखे और उपस्थित व्यापारियों को स्वदेशी सामान अपनाने के लिए प्रेरित किया। CAIT के चंडीगढ़ चैप्टर के खजांची रमेश सिंगला, संगठन सचिव अजय सिंगला, सचिव उमेश गुप्ता, सचिव राजपाल डोंगर, मार्बल कारोबारी श्रीराम जी, मनमोहन गोयल, महावीर गोयल, राजकुमार, अशोक कुमार, सेक्टर-22 के चेयरमैन सुभाष गुप्ता, वेंडर सेल के अध्यक्ष रविंद्र टिम्मा और मुकेश गिरि भी उपस्थित थे। इस मौके पर महिलाओं की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही, जिनमें श्रीमती सुनीता धवन, अनीता चौधरी, नीलम, सुनीता भट्ट, रूबी गुप्ता और पिंकी शामिल थीं।

