UVM चंडीगढ़ में 22 जनवरी को मनाएगा दीवाली

प्रशासन से मांगा सहयोग, पटाखे चलाने व स्पेशल स्टॉल लगाने की मिले अनुमति: कैलाश चंद जैन

CHANDIGARH, 1 JANUARY: उद्योग व्यापार मंडल (UVM) चंडीगढ़ की एक बैठक आज UVM अध्यक्ष कैलाश चंद जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर 22 जनवरी 2024 को पूरे चंडीगढ़ में दीवाली उत्सव मनाने का फैसला लिया गया। बैठक में UVM अध्यक्ष कैलाश चन्द जैन के अलावा वीरेंद्र गुलेरिया , नरेश कुमार गोयल जैन, विजयपाल सिंह सांगवान, महेंद्र बंसल, प्रदीप बंसल , सुशील जैन, अशोक कपिला, नरेश कुमार तथा नरेश अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक की जानकारी देते हुए UVM अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने बताया कि शहर के सभी व्यापारी 22 जनवरी 2024 को ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनेंगे व इस दिन को दीवाली के रूप में मनाएंगे। कैलाश जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन को दीवाली पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया है, जिसके मद्देनजर पूरे शहर में उत्साह का माहौल रहेगा। इस अवसर पर उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन से मांग की है कि इस दिन विशेष रूप से शहर में पटाखे चलाने की अनुमति दी जानी चाहिए। इसके अलावा प्रशासन अथवा नगर निगम द्वारा सभी मार्केट, शहर के चौराहों, सरकारी- गैर सरकारी बिल्डिंगों पर रोशनी से सजावट की जानी चाहिए व पूरे शहर में लाइट लगाकर जगमग रोशनी से दीवाली मनाई जानी चाहिए। कैलाश चंद जैन ने यह भी मांग की है कि इस अवसर पर नगर निगम द्वारा दुकानदारों को दीवाली की तर्ज पर दिये, रोशनी, मोमबत्ती, पटाखे व अन्य सामान बेचने हेतु स्पेशल स्टाल लगाने की परमिशन भी दी जानी चाहिए। UVM की तरफ से इस मांग का एक पत्र भी प्रशासक चंडीगढ़ को लिखा गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!