उपराष्ट्रपति ने सत्यपाल जैन को पंजाब यूनिवर्सिटी की गवर्नेंस रिफॉर्म्स कमेटी में अपना प्रतिनिधि मनोनीत किया

CHANDIGARH: पंजाब विश्वविद्यालय के चांसलर एवं भारत के उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने पंजाब विश्वविद्यालय में सुधार के लिए गठित की गई समिति में भारत सरकार के अपर महासालिसिटर सत्यपाल जैन को अपना प्रतिनिधि मनोनीत किया है। यह आदेश उपराष्ट्रपति ने 23 फरवरी को जारी किए।

उल्लेखनीय है कि भारत के उपराष्ट्रपति, जोकि पंजाब विश्वविद्यालय के चांसलर भी हैं, ने 8 फरवरी-2021 को 11 सदस्यीय एक समिति का गठन किया था, जो पंजाब विश्वविद्यालय से सम्बंधित कानूनों का अध्ययन करके उसमें क्या-क्या संशोधन करने है, इस पर 2 महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। इस समिति में एक प्रतिनिधि चांसलर का भी होना था, जिसके लिए अपर महासालिसिटर सत्यपाल जैन की नियुक्ति की गई है।

जैन लंबे अरसे से पंजाब विश्वविद्यालय से जुड़े हुए हैं तथा चार-चार वर्ष की 10 टर्म पूरी करके वह पिछले 40 वर्षो से पंजाब विश्वविद्यालय की सीनेट के सदस्य हैं। वह पंजाब विश्वविद्यालय के सिंडीकेट के भी सदस्य रहे हैं तथा लॉ फैकल्टी के डीन भी रहे हैं। सत्यपाल जैन संविधान तथा चुनाव कानूनों के जाने-माने विशेषज्ञ हैं तथा पंजाब विश्वविद्यालय के प्रशासनिक सुधारों के साथ काफी समय से जुड़े हुए हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!