पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए मतदान आज, जानिए कितने बजे से कितने बजे तक पड़ेंगे वोट

PANCHKULA: हरियाणा में स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए मतदान आज होगा। इनमें पंचकूला नगर निगम भी शामिल है। मतदान सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा। अंतिम एक घंटा कोविड-19 के लक्षणों वाले मतदाताओं के लिए रखा गया है। पंचकूला में मेयर पद के लिए भाजपा के कुलभूषण गोयल और कांग्रेस की उपेंद्र कौर अहलूवालिया के बीच मुख्य मुकाबला है, जबकि 20 वार्डों में पार्षद के चुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। कुछ वार्डों में पार्षद पद के लिए कई निर्दलीय प्रत्याशी भी भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवारों को टक्कर दे रहे हैं।

हरियाणा के चुनाव आयुक्त डॉ. दलीप सिंह के मुताबिक कोरोनाकाल के मद्देनजर सभी पोलिंग बूथों पर मास्क, सैनेटाइजर, हाथ के दस्ताने मतदाताओं के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। इस दौरान सुरक्षित शारीरिक दूरी का भी ध्यान रखा जाएगा। पोलिंग स्टाफ को भी कोविड-19 के मद्देनजर सचेत रहने की हिदायतें दी गई हैं। मतदाताओं की पोलिंग बूथ पर थर्मल स्कैनिंग की जाएगी। सभी मतदाताओं को अपने मत का इस्तेमाल करने से पहले डिस्पोजेबल दस्ताने दिए जाएंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं, खास तौर से पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं, महिलाओं व युवा वोटरों से मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की विशेष अपील की है। पंचकूला में 275 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मेयर व पार्षद पद के उम्मीदवार के लिए अलग-अलग मतदान होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!