चंडीगढ़ में पंजाब की तरह OTS स्कीम लागू न किए जाने पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने प्रशासन के खिलाफ जताई नाराजगी

कड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी, आंदोलन से पहले चंडीगढ़ के प्रशासक से अंतिम अनुरोध करेंगे व्यापारी नेता

CHANDIGARH, 7 NOVEMBER: चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने एक दिन पहले पंजाब सरकार द्वारा राज्य के व्यापारियों के लिए घोषित की गई तीसरी माफी योजना की सराहना करते हुए पंजाब पैटर्न पर चंडीगढ़ में भी वन टाइम सैटलमेंट (OTS) स्कीम लागू करने में की जा रही देरी पर चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से चंडीगढ़ के व्यापारियों के लिए पंजाब पैटर्न पर सभी लंबित वैट मूल्यांकन मामलों के लिए एकमुश्त निपटान (OTS) योजना लागू करने की मांग करते हुए कड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी भी दी है।

चंडीगढ़ व्यापार मंडल की जीएसटी (GST) समन्वय समिति की आज हुई एक बैठक में कहा गया कि चंडीगढ़ के व्यापारी यूटी प्रशासन द्वारा व्यापारी हितैषी कदम न उठाए जाने से नाराज हैं। इससे शहर के कारोबार में वांछित वृद्धि बाधित हो रही है। इस बैठक में चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह, राम करण गुप्ता सलाहकार एवं सह अध्यक्ष जीएसटी उप-समिति, दिवाकर साहूजा संरक्षक एवं मुख्य प्रवक्ता, संजीव चड्ढा जनरल सेक्रेटरी, नरेश महाजन जनरल सेक्रेटरी आदि शामिल हुए। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हरजीत सिंह ने पंजाब के व्यापारियों के लिए हाल ही में घोषित माफी योजना की सराहना की, जिसमें 1 लाख रुपए तक की देनदारियों से पूरी तरह छूट दी गई है और कराधान देनदारी का 50% 1 लाख से घटाकर 1 करोड़ कर दिया गया है, साथ ही ब्याज और जुर्माने में भी पूरी छूट दी गई है।

बैठक में इस बात पर नाराजगी व्यक्त की गई कि चंडीगढ़ व्यापार मंडल द्वारा प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारियों और यहां तक कि सत्तारूढ़ दल भाजपा को कई अपील और ज्ञापन देने के बावजूद वैट मामलों में किए जा रहे भारी जुर्माने में आज तक कोई खास कटौती की घोषणा नहीं की गई है और OTS योजना अभी भी लागू नहीं की गई है। चंडीगढ़ में यह योजना जल्द लागू करने के वायदे के बावजूद विभाग के अधिकारियों की फाइलों में ही अटकी हुई है।

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों की ओर से कोई गलती नहीं होने के बावजूद उन्हें 6-7 साल पुराने मामलों के लिए दंडित किया जा रहा है, जबकि अन्य राज्य अपने व्यापारियों को राहत देने के लिए माफी योजनाएं लेकर आ रहे हैं। व्यापार मंडल की जीएसटी उप-समिति के अध्यक्ष रामकरण गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों और सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा के नेताओं के वायदे के बावजूद पुराने वैट मामलों के मूल्यांकन के लिए OTS योजना लागू करने में देरी के कारण चंडीगढ़ के व्यापारी प्रशासन से बेहद नाखुश हैं।

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के संरक्षक दिवाकर साहूजा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा निर्धारित 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ऐसी योजना को अधिसूचित किया जाना अति आवश्यक है। व्यापार मंडल के जनरल सेक्रेटरी संजीव चड्ढा ने कहा कि चंडीगढ़ के व्यापारी परेशान हैं, क्योंकि उन्हें करोड़ों रुपए के नोटिस दिए गए हैं और उनके बैंक खाते जब्त किए जा रहे हैं लेकिन अफसोसजनक है कि प्रशासन उन्हें कोई राहत नहीं दे रहा है।

हरजीत सिंह उपाध्यक्ष और नरेश महाजन जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि OTS योजना में और देरी करने से व्यापारी इस योजना का सीमित लाभ ही उठा सकेंगे। इसलिए इसे जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मामले में चंडीगढ़ व्यापार मंडल चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित से अंतिम अनुरोध करेगा। साथ ही विरोध प्रदर्शन का सहारा लेने से पहले चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मलहोत्रा से भी मुलाकात की जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!