प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह बोले- 3 दिन में जब आम लोगों का सबकुछ तबाह हो गया, तब BJP और कांग्रेस नेता कैमरे लेकर ड्रामा करने पहुंच गए
चेतावनी दी: तोड़फोड़ अभियान तुरंत बंद कर पेनल्टी माफ नहीं की गई और वन-टाइम सेटलमेंट लागू नहीं किया गया तो AAP बड़ा जनआंदोलन और गवर्नर हाउस तक मार्च करेगी
CHANDIGARH, 9 APRIL (ANewsoffice): आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा पिछले कई दिनों से शहर में चलाए जा रहे तोड़फोड़ अभियान को भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत का परिणाम बताते हुए कहा कि तीन दिन तक जब लोगों के घर टूट रहे थे, तब न भाजपा का कोई नेता दिखा और न कांग्रेस का। जब सब कुछ तबाह हो गया, तब भाजपा और कांग्रेस के नेता कैमरे लेकर ‘ड्रामा’ करने पहुंच गए। जनता अब इनकी नौटंकी को पहचान चुकी है।
AAP के सेक्टर-39 स्थित कार्यालय में आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड के मकानों में नीड बेस्ड चेंज का मुद्दा चंडीगढ़ की दो-तिहाई आबादी से जुड़ा हुआ है, खासकर माताओं और बहनों के सम्मान और उनके सिर की छत से जुड़ा हुआ है लेकिन हाउसिंग बोर्ड ने ‘डेमोलिशन’ के नाम पर जिस तरह का आतंक फैलाया है, वह लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
उन्होंने कहा कि हमने खुद मौके पर जाकर उन परिवारों की चीखें सुनी हैं, जिनकी पूरी जिंदगी की कमाई से बने मकानों को बेरहमी से तोड़ा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही विकास है, जिसमें गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों को सड़क पर ला दिया जाए ? उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड का मूल उद्देश्य गरीब और मेहनतकश लोगों को सस्ते आवास देना था लेकिन आज ये संस्था उन्हें लूटने और उजाड़ने का जरिया बन गई है। विजयपाल सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर चंडीगढ़ की जनता के साथ विश्वासघात किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को AAP माइनॉरिटी विंग के जनरल सेक्रेटरी शादाब राठी, पार्षद योगेश ढींगरा, जनरल सेक्रेटरी ओमकार सिंह औलख और स्टेट मीडिया इंचार्ज विक्रांत ए तंवर ने भी संबोधित किया। AAP नेताओं ने कहा कि चुनावी साल आते ही भाजपा को अचानक ‘अवैध निर्माण’ याद आ जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता के हक के लिए खड़ा होना अपराध है ? क्योंकि तोड़फोड़ अभियान का विरोध करते AAP पार्षदों और कार्यकर्ताओं को अपराधियों की तरह घसीटा गया, पीटा गया और थानों में बंद किया गया।
उन्होंने साफ कहा कि यह सब भाजपा के इशारे पर हो रहा है और कांग्रेस इसकी मूक सहमति दे रही है। यह एक सुनियोजित साजिश है कि गरीबों को डराओ, उनके मकान तोड़ो और उनसे पैसे वसूलो। AAP नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि यह तोड़फोड़ अभियान तुरंत बंद नहीं किया गया, पेनल्टी माफ नहीं की गई और वन-टाइम सेटलमेंट लागू नहीं किया गया तो AAP सड़कों पर उतरकर बड़ा जनआंदोलन करेगी और गवर्नर हाउस तक मार्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि AAP हर हाल में जनता के साथ खड़ी है। भाजपा और कांग्रेस ने सिर्फ धोखा दिया, जबकि AAP जनता के हकों की लड़ाई अंत तक लड़ती रहेगी।

