AAP ने चंडीगढ़ के लाखों लोगों की उम्मीद तोड़ दी, स्वार्थ के लिए ऑल पार्टी एकता को पहुंचाई चोट: गाबी

बोले-AAP नेताओं ने साबित कर दिया कि सियासत ही आम आदमी पार्टी के लिए सर्वोपरि है, लोगों के ज्वलंत मुद्दों को हल कराने में उनकी की कोई दिलचस्पी नहीं

CHANDIGARH, 9 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा शहर में चलाए गए तोड़फोड़ अभियान को लेकर आज आम आदमी पार्टी की ओर से की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

गाबी ने AAP नेताओं के आरोपों को लोगों को गुमराह करने वाला बताते हुए कहा कि AAP नेताओं ने आज साबित कर दिया कि सियासत ही आम आदमी पार्टी के लिए सर्वोपरि है, लोगों के ज्वलंत मुद्दों को हल कराने में AAP नेताओं की कोई दिलचस्पी नहीं है। गाबी ने एक बयान जारी कर कहा कि हाउसिंग बोर्ड की तोड़फोड़ कार्रवाई के मुद्दे पर चार दिन पहले AAP नेता सेक्टर-41 की जनसभा में लोगों के हित के लिए सभी राजनीतिक दलों की एकता पर जोर दे रहे थे और सभी पार्टियों के साथ एक होकर चलने की कसम खा रहे थे लेकिन चार दिन बाद जनहित को ताक पर रखकर अपने स्वार्थ को आगे रखते हुए उस ज्वाइंट टीम से ही भाग गए, जो हाउसिंग बोर्ड के इस ज्वलंत मुद्दे का स्थाई समाधान कराने में लगी थी।

गाबी ने कहा कि राजनीतिक दलों की इस एकता से हाउसिंग बोर्ड के 65 हजार मकानों में रहने वाले लाखों लोगों में बड़ी उम्मीद जगी थी लेकिन आज AAP नेताओं ने यह उम्मीद भी तोड़ दी। क्योंकि AAP नेताओं को सिर्फ और सिर्फ राजनीति से मतलब है, चंडीगढ़ के लोगों की समस्याओं को हल कराने में दिलचस्पी नहीं है। गाबी ने कहा कि जिन लोगों की मेहनत की कमाई पर हाउसिंग बोर्ड का हथौड़ा चला, AAP नेता उनके आंसुओं पर राजनीति करना चाहते हैं, उनके आंसू पोछना नहीं चाहते।

पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने कहा कि कल उनके आग्रह पर जिस तरह नगर निगम हाउस की बैठक से उठकर मेयर समेत सभी पार्षद सेक्टर-45 में तोड़फोड़ का विरोध करने पहुंचे, उसे देखकर ही शायद AAP नेताओं को लगा कि उनकी राजनीतिक जमीन खिसक रही है, इसीलिए उन्होंने आज ऑल पार्टी एकता को चोट पहुंचाने का काम किया। गाबी ने कहा कि लोग अब इस पार्टी की असल मंशा को समझ गए हैं और चंडीगढ़ की राजनीति में इस पार्टी का सफाया करके रहेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!