हाउसिंग बोर्ड की कार्रवाई पर AAP और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप: ऑल पार्टी एकता की बात करना कांग्रेस का महज ‘नाटक’- शादाब राठी

कहा-अंतिम दिन भाजपा मेयर अपने नेताओं और पार्षदों समेत कांग्रेस पार्षदों के साथ सेक्टर-45 में तब पहुंचे जब तोड़फोड़ रुक चुकी थी। कर्मचारी हथौड़े धोकर वापस जाने की तैयारी कर रहे थे। सियासत किसने की, जनता सब जानती है और भाजपा-कांग्रेस को सबक जरूर सिखाएगी

CHANDIGARH, 9 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा शहर में चलाए गए तोड़फोड़ अभियान को लेकर अब आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है। AAP की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी ने आम आदमी पार्टी पर निजी स्वार्थ के लिए ऑल पार्टी एकता और लोगों की उम्मीद को तोड़ देने का आरोप लगाया तो अब AAP की तरफ से वरिष्ठ नेता शादाब राठी ने पलटवार करते हुए कथित ऑल पार्टी एकता को कांग्रेस का महज ‘नाटक’ बताया है।

शादाब राठी ने एक बयान जारी कर कहा कि ऑल पार्टी एकता की बात करने वाले गुरप्रीत सिंह गाबी और अन्य कांग्रेस तथा भाजपा के नेता दो दिन तक तो गायब थे, जब सेक्टर-45 में लोगों के मकानों पर हाउसिंग बोर्ड का हथौड़ा चल रहा था, जबकि AAP के पार्षद और कार्यकर्ता लगातार तीन दिन तक हाउसिंग बोर्ड की टीम के सामने डटे रहे। शादाब राठी ने कहा कि पहले दिन कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी दावा करते हैं कि डेमोलिशन ड्राइव रुकवा दी, गवर्नर से बात हो गई लेकिन उसी दिन सेक्टर 45-D में हाउसिंग बोर्ड का हथौड़ा चलता रहा।

दूसरे दिन सेक्टर 45-A में मकान तोड़े गए। लोग सड़कों पर उतरे और पुलिस की तानाशाही सहते रहे। निर्दोष लोगों और AAP कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया लेकिन कांग्रेस और भाजपा दोनों के नेता गायब थे। तीसरे दिन फिर सेक्टर 45-C में मकान तोड़े गए, तब कांग्रेस और भाजपा नेताओं को लगा कि अब उन्हें सेक्टर-45 जाना चाहिए, क्योंकि हाउसिंग बोर्ड द्वारा पहले से घोषित की कार्रवाई अवधि का ये अंतिम दिन था।

राठी ने कहा कि अंतिम दिन भी भाजपा मेयर अपने नेताओं और पार्षदों समेत कांग्रेस पार्षदों के साथ सेक्टर-45 में तब पहुंचे जब तोड़फोड़ रुक चुकी थी। हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारी और अधिकारी हथौड़े धोकर वापस जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने ड्रामा करके ये दिखाने की कोशिश की कि तोड़फोड़ उनके आने से रुकी है।

शादाब राठी ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता सब देख रही है और सब समझती है। कौन आम लोगों के साथ खड़ा रहा और किसने सिर्फ राजनीति की। राठी ने कहा कि सेक्टर-45 के घटनाक्रम से बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर चंडीगढ़ की जनता को गुमराह किया और धोखा दिया है। कांग्रेस के पार्षद मौकापरस्ती की राजनीति करते हैं। अपने ही वार्ड के लोगों के दुख-दर्द तक में खड़े नहीं हो पाते।

उन्होंने कहा कि अब चंडीगढ़ की जनता जाग चुकी है और आने वाले समय में इन दोनों पार्टियों को सबक जरूर सिखाएगी। शादाब राठी ने कहा कि AAP हमेशा आम जनता के हक और मकानों की लड़ाई सड़कों पर लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!