DPIIT ने देशभर के व्यापारियों के लिए B2B सेल-परचेज के लिए ‘डिजीदुकान’ लांच की

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने ‘नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड’ की 9वीं बैठक में किराए पर GST और MSME से जुड़े मुद्दे उठाए

NEW DELHI/CHANDIGARH, 12 APRIL (ANewsoffice): केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की सहायक संस्था ONDC ने देशभर के व्यापारियों के लिए ‘डिजीदुकान’ नामक एक डिजिटल पहल शुरू की है। नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (NTWB) की 9वीं बैठक में यह जानकारी देते हुए बताया गया कि यह प्लेटफॉर्म व्यापारियों को पूरे भारत में ऑनलाइन B2B (बिजनेस-टू-बिजनेस) उत्पाद बेचने और खरीदने की सुविधा देगा।

नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (NTWB) की बैठक नई दिल्ली के वाणिज्य भवन में NTWB के अध्यक्ष सुनील जे सिंघी की अध्यक्षता में हुई। इसमें चंडीगढ़ के व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करते हुए चंडीगढ़ व्यापार मंडल (CBM) के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। इस बैठक में भारत के विभिन्न राज्यों के लगभग 27 सदस्यों और व्यापार से जुड़े 9 केंद्रीय मंत्रालयों के अधिकारियों ने शिरकत की।

NTWB के अध्यक्ष सुनील जे सिंघी ने व्यापारियों के कल्याण के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी, जिनमें वन-टाइम FSSAI लाइसेंस, ‘डिजीदुकान’ की लॉन्चिंग, जनविश्वास संशोधन विधेयक-2026, बैंकों से 20 लाख रुपए तक के बिना गारंटी लोन की उपलब्धता और GST सुधार शामिल हैं। इस अवसर पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के चेयरमैन चरणजीव सिंह ने एक ज्ञापन सौंपकर मांग की कि कंपोजिट डीलरों द्वारा कॉमर्शियल बिल्डिंग के मालिकों को दिए जाने वाले किराए पर GST 18% से घटाकर 5% किया जाए। उन्होंने तर्क दिया कि इन व्यापारियों को इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) नहीं मिलता, जिससे उनकी लागत बढ़ जाती है। उन्होंने व्यापारियों को भी MSME अधिनियम के सभी लाभ देने की मांग की, जिसमें आसान बैंक ऋण, ब्याज सब्सिडी और ‘समाधान पोर्टल’ के माध्यम से बकाया राशि की वसूली की सुविधा शामिल है।

बैठक में बताया गया कि ONDC डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शुरू की गई ‘डिजीदुकान’ वितरकों और थोक विक्रेताओं को ऑनलाइन बिक्री करने और खुदरा विक्रेताओं (Retailers) को आसानी से सामान सोर्स करने में मदद करेगी। DPIIT की यह पहल छोटे व्यापारियों को डिजिटल रूप से अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए सशक्त बनाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!