चंडीगढ़ में डेपुटेशन पर आए 112 डाक्टर अब एक साल तक वापस नहीं जाएंगे

CHANDIGARH: डेपुटेशन पर चंडीगढ़ आए 112 डाक्टर अब एक साल तक अपने मूल कैडर में वापस नहीं जाएंगे। प्रशासन ने डाक्टरों की मांग को मान लिया है। इस संबंध में डाक्टरों का एक प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चढ्ढा के नेतृत्व में आज चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टडन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एवं हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन का आभार व्यक्त किया।

व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चढ्ढा का कहना है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन वीरवार को प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से मिले थे, जिसके बाद प्रशासक ने आश्वासन दिया है कि एक साल तक डाक्टरों को वापस नहीं भेजा जाएगा। इस बीच डेपुटेशन के मामले पर कोई स्थायी पॉलिसी बनाई जाएगी, जिसके लिए डाक्टर भाजपा नेता संजय टंडन का आभार व्यक्त करने के लिए गए थे। यह वे डाक्टर हैं जिन्हें विभाग में डेपुटेशन पर आए 10 से 20 साल से अधिक हो गया है।इन्हें प्रशासन ने वापस भेजने का निर्णय लिया था। बता दें कि प्रशासन के जारी आदेश में बताया गया है कि उन 112 लोगों में चार डाक्टर 20 साल, 18 डाक्टर 15 साल, 20 डाक्टर 10 साल, 30 डाक्टर 11 साल, आठ डाक्टर सात साल व 32 डाक्टर पांच साल से ज्यादा समय से डेपुटेशन पर यहां तैनात हैं। मानक के अनुसार उन्हें तीन साल बाद लौटना होता है।

व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चढ्ढा का कहना है कि डाक्टरों को राहत दिलवाने के लिए भाजपा नेता संजय टंडन ने प्रशासक के अलावा प्रशासन के अधिकारियों से भी बात की, जिसके लिए सभी डाक्टरों ने टंडन के साथ साथ प्रशासक का भी धन्यवाद किया।

error: Content can\\\'t be selected!!