चंडीगढ़ में भाजपाइयों ने पंजाब के सीएम चन्नी का पुतला फूंका

कांग्रेस माफी मांगे, नहीं तो यूपी-बिहार वाले अपने वोट की ताकत दिखाएंगे: नरेश अरोड़ा

CHANDIGARH: पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी द्वारा यूपी-बिहार के लोगों को बाहरी बताने और पंजाब से बाहर निकालने के बयान पर चंडीगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज सीएम चन्नी का पुतला फूंका। इस मौके पर महामंत्री चंडीगढ़ भाजपा रामवीर ने कहा कि यह कांग्रेस की ही सोच हो सकती है, जो क्षेत्रवाद को दर्शाती है,जबकि भारतीय जनता पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के नारे के साथ चलती है और सीएम चन्नी के बयान की कड़ी निंदा करती है।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि चरणजीत चन्नी के बयान पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा खिलखिला के हंस रही थीं और तालियां बजा रही थीं, यह कांग्रेस के दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पर माफी मांगे नहीं तो यूपी- बिहार के लोग कांग्रेस को अपनी वोट की ताकत दिखा कर रहेंगे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा प्रवक्ता नरेश अरोड़ा के अलावा पार्षद कुलविंदर सरपंच, सचिव ऋषि राज, जिला उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल दीनानाथ व सैंकड़ो भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!