क्रिकेटर सुरेश रैना, सुजैन खान व गुरु रंधावा समेत 34 गिरफ्तार, जानिए क्या है मामला

ANews Office:  मुंबई पुलिस ने कल देर रात भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, अभिनेता ऋतिक रोशन की पूर्व पत्नी सुजैन खान व गायक गुरु रंधावा समेत 34 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों पर कोरोनाकाल में लागू प्रतिबंध के बावजूद पार्टी करने का आरोप है। बताया जाता है कि इन लोगों को मुंबई एयरपोर्ट के पास ड्रैगन फ्लाई क्लब से पकड़ा गया। यह लोग यहां प्रतिबंधित समय में पार्टी कर रहे थे। पुलिस ने इस क्लब में सोमवार रात करीब ढाई बजे छापा मारा। हालांकि बाद में सभी लोगों को छोड़ दिया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा-188, 269 और 34 के तहत केस दर्ज किया गया है।

एक बड़ा गायक पीछे के गेट से फरार हो गया

बताया जाता है कि देर रात तक चलती मिली इस पार्टी में 19 लोग दिल्ली से आए थे। अन्य लोग पंजाब और दक्षिण मुंबई के थे। ज्यादातर ने शराब पी रखी थी। गौरतलब है कि कोरोनाकाल के चलते महाराष्ट्र में अभी रात में 11 बजे के बाद किसी भी तरह की पार्टी या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने पर प्रतिबंध है। कहा जा रहा है कि पार्टी में पुलिस के छापे के दौरान एक बड़ा गायक पीछे के गेट से फरार हो गया।

error: Content can\\\'t be selected!!