प्राइवेट गाड़ियों पर GA सीरीज की नंबर प्लेट का इस्तेमाल न केवल वाहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता को भ्रमित करने वाला भी काम
CHANDIGARH, 25 MARCH (ANewsoffice): चंडीगढ़ में बिजली विभाग के निजीकरण के बाद विभाग से संबंधित तमाम सरकारी संसाधन MOU के तहत चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (CPDL) को सौंप दिए गए हैं और CPDL ने उन पर अपना नाम भी चस्पा कर दिया है लेकिन शहर में सवाल उठ रहा है कि CPDL को जो वाहन सौंपे गए, वो अब सरकारी नहीं रहे तो उन पर अभी तक GA (Government Authority) सीरीज की नंबर प्लेट का उपयोग क्यों किया जा रहा है ? यह न केवल वाहन नियमों का उल्लंघन है, बल्कि आम जनता को भ्रमित करने वाला भी है।

सवाल उठाने वाले कहते हैं कि भारत के मोटर व्हीकल एक्ट में वाहन पंजीकरण और नंबर प्लेट से संबंधित नियमों के मुताबिक GA सीरीज केवल सरकारी विभागों के वाहनों लिए आरक्षित है। किसी भी व्यक्ति, निजी संस्था या कंपनी को इस प्रकार की नंबर प्लेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं है।
इसके बावजूद चंडीगढ़ में CPDL द्वारा हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) के बिना भी GA सीरीज का उपयोग करते हुए वाहन सड़कों पर चलाए जा रहे हैं। यह सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है और सरकारी पहचान का दुरुपयोग भी है लेकिन चंडीगढ़ में वाहन नंबर प्लेट के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने और सख्ती दिखाने वाले अधिकारी और कर्मचारी CPDL के अधीन चल रहे वाहनों की नंबर प्लेट का कोई संज्ञान तक नहीं ले रहे हैं। ANewsoffice.com ने इस संबंध में चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड का पक्ष जानने के लिए CPDL से संपर्क किया लेकिन CPDL ने इससे संबंधित तमाम सवालों पर चुप्पी साध ली।

