चंडीगढ़ से हल्द्वानी-लाल कुआं तक नई ट्रेन चलाने, वर्तमान में चल रही ट्रेनों का समय सुविधानुसार तय करवाने और चंडीगढ़ से बागेश्वर वाया रानीखेत बस सेवा शुरू करने के बारे में हुई चर्चा
CHANDIGARH, 15 APRIL (ANewsoffice): आज एक निजी कार्य से चंडीगढ़ आए उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल का कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने जोरदार स्वागत किया। पिलखवाल के साथ जगदीश सिंह मेहता व दीपक सिंह कार्की भी मौजूद थे। इस दौरान कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के पदाधिकारियों ने मंत्री पिलखवाल से चंडीगढ़ ट्राइसिटी में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और उन्हें स्थानीय मुद्दों से अवगत कराया।

कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय ने बताया कि इस मौके पर मुख्य रूप से चंडीगढ़ से हल्द्वानी-लाल कुआं तक नई ट्रेन चलाने और वर्तमान में चल रही ट्रेनों का समय सुविधानुसार तय करवाने तथा चंडीगढ़ से बागेश्वर वाया रानीखेत बस सेवा प्रारंभ करने के बारे में भी चर्चा हुई। मंत्री गोविंद सिंह पिलखवाल ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने चंडीगढ़ में कुमाऊं सभा द्वारा जरूरतमंद पहाड़ी लोगों की सहायता, अपनी संस्कृति और सभ्यता के संरक्षण और बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मंत्री ने सभा के पूर्व प्रधान बचन सिंह नगरकोटी व भाजपा उत्तराखंड प्रकोष्ठ चंडीगढ़ प्रदेश संयोजक भूपेंद्र शर्मा से भी मुलाकात की। इस अवसर पर कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के प्रधान गोकुल सिंह नगरकोटी, महासचिव भगत सिंह रावत, सचिव राजिंदर सिंह नगरकोटी, महेश जोशी, संगठन सचिव सुनील दत्त बिष्ट, उप-प्रधान बसंत अधिकारी, त्रिलोक सिंह नगरकोटी, थान सिंह बिष्ट, गोबिंद सिंह कोरंगा, पूरण चंद पांडेय, दलीप सिंह चौहान, राजिंदर सिंह रावत, भगत सिंह खाती आदि मौजूद थे।

