कहा-नीयत साफ है तो मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर ही 33 फीसदी महिला आरक्षण लागू करे मोदी सरकार
एचएस लक्की बोले-चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक लेकर जाएगी और भाजपा की पोल खोलेगी
CHANDIGARH, 21 APRIL (ANewsoffice): सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने भाजपा पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2023 में महिला आरक्षण अधिनियम संसद से पारित हुआ था, जिसमें कांग्रेस पार्टी सहित सभी विपक्षी दलों ने पूर्ण सहयोग दिया था। इसके बावजूद मोदी सरकार ने अपनी राजनीतिक मंशाओं को साधने के लिए पिछले दरवाजे से इसमें संशोधन करने का प्रयास किया, जिस पर विपक्ष को गंभीर आपत्ति थी। क्योंकि बिना किसी व्यापक चर्चा और सहमति के यह संशोधन लाया गया, जो लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। कुमारी शैलजा आज यहां सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की भी मौजूद थे। कुमारी शैलजा ने कहा कि संशोधन विधेयक लाने से ठीक पहले 2023 के महिला आरक्षण अधिनियम की नोटिफिकेशन जारी करना भाजपा की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

इससे स्पष्ट है कि भाजपा महिला आरक्षण के नाम पर सस्ती और अवसरवादी राजनीति कर रही है। जब उसकी चालें कामयाब नहीं हुईं तो विपक्ष पर बेबुनियाद आरोप लगाने शुरू कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र के नाम संबोधन में विपक्ष को निशाना बनाए जाने पर कुमारी शैलजा ने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। राष्ट्र के नाम संबोधन गंभीर राष्ट्रीय मुद्दों के लिए होता है, न कि राजनीतिक विरोधियों को कोसने के लिए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कुमारी शैलजा ने भाजपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार वास्तव में महिलाओं को आरक्षण देना चाहती है तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों और राज्य विधानसभाओं में ही इसे लागू किया जा सकता था। इसके बजाय भाजपा ने परिसीमन और सीटों की संख्या बढ़ाने जैसे जटिल प्रावधानों के साथ इसे जोड़कर इसे टालने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास महिलाओं के सशक्तिकरण का साक्षी रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नेतृत्व में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिसने देश में महिला नेतृत्व को मजबूत आधार प्रदान किया। कुमारी शैलजा ने मांग की कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के मौजूदा लोकसभा और विधानसभा सीटों पर ही तुरंत लागू किया जाए और महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार दिया जाए।
इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जन-जन तक जाएगी और हर घर तक इस अभियान को पहुंचाकर भाजपा की पोल खोलेगी। लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों के लिए खड़ी रही है, खड़ी है और आगे भी मजबूती से खड़ी रहेगी।

