चंडीगढ़ के समाजसेवियों ने गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग उठाई, पीएम के नाम डीसी को सौंपा ज्ञापन

यह मांग किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की आस्था और भावनाओं का विषय है, केंद्र सरकार इस पर शीघ्र निर्णय ले: शादाब राठी

CHANDIGARH, 16 JULY (ANewsoffice): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ आगमन के अवसर पर गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर चंडीगढ़ के समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम चंडीगढ़ के उपायुक्त (डीसी) निशांत कुमार को एक ज्ञापन सौंपा सौंपा। इसमें केंद्र सरकार से आग्रह किया गया कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, कृषि व्यवस्था और सामाजिक जीवन में गाय के विशेष महत्व को देखते हुए उसे ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा प्रदान करने के लिए आवश्यक संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। साथ ही गौ संरक्षण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ठोस एवं व्यापक नीति लागू करने की भी मांग की गई है।

इस अवसर पर श्री हिंदू तख्त के राष्ट्रीय प्रवक्ता अशोक तिवारी ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और सभ्यता का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि देशभर में करोड़ों लोगों की भावनाएं गाय से जुड़ी हुई हैं, इसलिए सरकार को इस विषय पर सकारात्मक और संवेदनशील निर्णय लेना चाहिए। आवाज-ए-हक वेलफेयर सोसाइटी चंडीगढ़ के अध्यक्ष एवं समाजसेवी शादाब राठी ने कहा कि गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग किसी राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की आस्था और भावनाओं का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल कानून तक सीमित न रहे, बल्कि इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएं। इस मौके पर नवाब सिद्दीकी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार से गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने तथा गौ संरक्षण के लिए प्रभावी नीति लागू करने की मांग दोहराई।

error: Content can\\\'t be selected!!