चंडीगढ़ AAP ने DGP को दी शिकायत, नगर निगम में एजेंडे पास कराने के नाम पर पैसों के लेन-देन का आरोप लगाया

शिकायत में ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी किया जिक्र, दोनों मामलों में तुरंत FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की

CHANDIGARH, 27 AUGUST (ANewsoffice): आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ नगर निगम में कथित रूप से एजेंडा पास कराने के नाम पर पैसों के लेन-देन का आरोप लगाते हुए आज पुलिस महानिदेशक (DGP) से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत शिकायत सौंपी। इसमें उस ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी जिक्र किया गया है, जो AAP के मुख्य प्रवक्ता एवं पार्षद योगेश ढींगरा ने एक दिन पहले अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी की थी। AAP प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उन्होंने DGP से पैसों के कथित लेन-देन और ऑडियो रिकॉर्डिंग के मामले में तुरंत FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

AAP के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह के नेतृत्व में DGP से मिले पार्टी के इस प्रतिनिधिमंडल में AAP चंडीगढ़ की कोर कमेटी के चेयरमैन प्रेम गर्ग, ऑब्जर्वर विनीत वर्मा, पूर्व मेयर कुलदीप ढलोर, पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला और मुख्य प्रवक्ता एवं पार्षद योगेश ढींगरा शामिल थे। उन्होंने बताया कि DGP से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कथित लेन-देन से जुड़े सभी लोगों की भूमिका सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। AAP नेताओं ने यह भी मांग की है कि ऑडियो की मूल रिकॉर्डिंग को कब्जे में लेकर उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाए और उसमें सामने आए सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए DGP की सीधी निगरानी में SIT गठित करने अथवा आवश्यकता पड़ने पर जांच विजिलेंस या CBI को सौंपने की भी मांग की गई। AAP नेताओं ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!