चंडीगढ़ में AAP ने फिर घेरा BJP कोः लायंस कंपनी को पुनः सफाई ठेका मिलने से भ्रष्टाचार में भाजपा की लिप्तता साबित हुई: चंद्रमुखी शर्मा

कहा- अफसरों की जांच के आदेश देना भाजपा द्वारा जनता की आंखों में धूल झोंकने की कोशिश

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी (AAP) चंडीगढ़ की नगर निगम चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा ने चंडीगढ़ के भाजपा मेयर और अन्य पार्षदों पर निहित स्वार्थों के लिए नगर निगम में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए शहर में सफाई कार्य के लिए लायंस कंपनी का टेंडर बढ़ाने के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा को घेरा है।

भाजपा महापौर रविकांत शर्मा को अक्षम बताते हुए चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि भाजपा पिछले 5 वर्षों में शहर का शासन संभालने में विफल रही है और इस विफलता का श्रेय पूरी भारतीय जनता पार्टी को होना चाहिए। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि लायंस कंपनी के सफाई ठेके को आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों और भाजपा पार्षदों के बीच सांठगांठ है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के व्यापक सफाई कार्य को संभालने में असमर्थ रही निजी कंपनी को बार-बार ठेके देने का मतलब प्रत्यक्ष भ्रष्टाचार है। बीजेपी ने जानबूझकर लायंस कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए टेंडर प्रक्रिया में देरी की और अब फिर कंपनी के साथ अनुबंध 3 महीने के लिए बढ़ा दिया गया है।

AAP के वरिष्ठ नेता चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों लायंस कंपनी और बीजेपी के कुछ पार्षदों के बीच सांठगांठ से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आ चुका है। सबके सामने भ्रष्टाचार का पर्दाफाश होने के बाद भी उसी कंपनी को फिर से ठेका देने का मतलब नाकाम नगर निगम प्रशासन का एक बड़ा उदाहरण है।

चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि अब इस मामले में अधिकारियों की जांच के आदेश देना भाजपा द्वारा जनता की आंखों में धूल झोंकने की मंशा को दर्शाता है, क्योंकि इतने सालों से खामोश बैठे पार्षद, महापौर और कमेटी के अध्यक्ष टेंडर की डेडलाइन आने का इंतजार कर रहे थे और अब जांच कराने का नाटक कर रहे हैं। चंद्रमुखी शर्मा ने दावा किया कि चंडीगढ़ की जनता अब आने वाले नगर निगम चुनाव में शहर की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी को सौंपने जा रही है और शहर का अगला मेयर आम आदमी पार्टी का ही बनेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!