खरीद-फरोख्त नहीं, विकास की राजनीति करती है AAP: चंडीगढ़ में भाजपा के गले नहीं उतर रही आम आदमी पार्टी की जीत- प्रदीप छाबड़ा

कहा- AAP को बदनाम करने के लिए राजनीतिक चालें चलना बंद करे भाजपा

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी (AAP) चंडीगढ़ के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि AAP खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं, बल्कि विकास और सकारात्मक राजनीति पर विश्वास करती है। खरीद-फरोख्त की राजनीति कौन कर रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। छाबड़ा ने कहा कि नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी का 14 सीटें जीतने के बाद शहर की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरना भाजपा नेताओं के गले नहीं उतर रहा है। इसलिए वे बौखलाकर उल-जलूल बयानबाजी कर रहे हैं।

बुधवार को पार्टी मुख्यालय से जारी एक बयान में चंडीगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद के बयान ‘हमारे पार्षद साथ हैं, पर सवाल उठाते हुए छाबड़ा ने पूछा कि अगर उनके सभी पार्षद एक हैं तो किस डर के चलते उन्होंने अपने सभी पार्षदों को रातों रात शिमला भेज दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा नेता “आप” को बदनाम करने के लिए राजनीतिक चालें चलना बंद करें। आम आदमी पार्टी खरीद-फरोख्त नहीं ​बल्कि विकास की राजनीति करती है, जिसका जीता जागता उदाहरण दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार है। भाजपा पर चुटकी लेते हुए आप नेता प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ का भगवाकरण करने के लिए भाजपा द्वारा चलाया गया मिशन कमल फेल हो गया है। भाजपा के पाप का घड़ा अब भर चुका है। चंडीगढ़ में ही नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा का लगातार गिर रहा ग्राफ उसके पतन की ओर इशारा करता है।

वहीं, छाबड़ा ने कांग्रेसी पार्षदों का मेयर चुनाव की नॉमिनेशन प्रक्रिया से खुद को बाहर रखने के फैसले को जनता के साथ धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि पार्षद चाहे किसी भी पार्टी के हों, जनता के समर्थन से चुनकर आते हैं। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय जनता से वोट करने की अपील करने वाले नेता आज खुद लोकतांत्रिक प्रक्रिया से दूर हैं। यही कारण है कि जनता की कसौटी पर खरी न उतर सकी कांग्रेस आज नगर निगम चुनावों में 8 सीटों पर सिमट कर रह गई।

error: Content can\\\'t be selected!!