AAP ने चंडीगढ़ के मेयर दफ्तर से फोटो हटाकर महापुरुषों का किया अपमानः जितेंद्र पाल मल्होत्रा

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बोले- अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान की फोटो लगाना असंवैधानिक

CHANDIGARH, 7 MARCH: चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सांसद तथा प्रशासक के फोटो को सामने से हटाकर उनको साइड में कर देने को भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रपिता व राष्ट्र के संवैधानिक पदों का अपमान तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की फोटो मेयर कार्यालय में लगाए जाने को संविधान का अपमान बताया है।

आज यहां जारी एक बयान में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के अल्पमत मेयर कुलदीप कुमार नगर निगम के मेयर कार्यालय को व्यक्तिगत अथवा आम आदमी पार्टी के कार्यालय के रूप में इस्तेमाल करने के मंसूबे रखते हैं और इसी एजेंडे से काम कर रहे हैं लेकिन उनका यह मंसूबा किसी भी हालत में कामयाब नहीं होगा।

मल्होत्रा ने कहा कि मेयर ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान किया है। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सांसद व प्रशासक के संवैधानिक पदों का अपमान किया है तथा पंजाब व दिल्ली के मुख्यमंत्री की फोटो लगाकर संविधान का भी अपमान किया है। मेयर व आम आदमी पार्टी बताएं कि दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री की फोटो मेयर के कार्यालय में किस अधिकार से लगाई गई हैं ? क्या आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ को पंजाब के हवाले करके चंडीगढ़ का अस्तित्व खत्म कर देना चाहती है ? इसी प्रकार अरविंद केजरीवाल की फोटो भी किस वजह से लगाई गई, यह भी स्पष्ट करना चाहिए।

मल्होत्रा ने कहा कि ऐसा लगता है कि अल्पमत मेयर को शहर में शहरवासियों की कोई परवाह नहीं है। केवल सत्ता सुख भोगने की फील लेना चाहते हैं तथा सरकारी कार्यालय व सुविधाओं को व्यक्तिगत इस्तेमाल कर रहे हैं। मल्होत्रा ने चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से इस मामले में संज्ञान लेकर मेयर को संविधान के अनुसार चलने की हिदायत देने की मांग की है।

मल्होत्रा ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि कांग्रेस पार्टी इस मामले में चुप है। उन्होंने कांग्रेस से पूछा है कि क्या दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री की फोटो मेयर कार्यालय में लगाने को कांग्रेस पार्टी उचित समझती है ? मल्होत्रा ने कहा कि लगता है कि कांग्रेस पार्टी ने स्वयं को आम आदमी पार्टी के हाथों गिरवी रख दिया है। इसलिए ऐसे गंभीर मामले पर भी चुप रहने का ढोंग कर रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!