पानी आंदोलन पर कल फिर बनेंगे टकराव के हालातः भाजपा ने किया ऐलान- प्रशासन ने रिहायशी क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन पर रोक न लगाई तो भाजपाई खुद रोकेंगे कांग्रेसियों को

CHANDIGARH: शहर में पानी की बढ़ी कीमतों को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा भाजपा पार्षदों के घरों के घेराव के चलाए जा रहे आंदोलन को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने एक बार फिर आड़े हाथ लिया है। प्रदेश भाजपा ने कोरोनाकाल के मद्देनजर इस तरह के आंदोलन से लोगों को परेशानी होने की बात कहते हुए प्रशासन से शहर के रिहायशी इलाकों में किसी भी तरह के धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की है। साथ ही घोषणा की है कि प्रशासन ने यदि ऐसा नहीं किया तो भाजपा कार्यकर्ता खुद धरना-प्रदर्शन करने वालों को रोकेंगे तथा उचित जवाब देंगे।

कांग्रेस ने 28 फरवरी को शुरू किया है आंदोलन

बता दें कि शहर में पानी की बढ़ी दरों के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने शहर में बारी-बारी से भाजपा पार्षदों के घरों के आगे प्रदर्शन कर उनका घेराव करने का सिलसिला शुरू किया है। गत रविवार को इसकी शुरुआत सेक्टर-37 से की गई थी। इसी सेक्टर में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, पूर्व मेयर एवं मौजूदा पार्षद अरुण सूद भी रहते हैं। इस दिन यहां कांग्रेसजनों के प्रदर्शन के दौरान भाजपाई व कांग्रेसियों के बीच टकराव होते-होते बचा था।

कल सेक्टर-45 में भाजपा पार्षदों के घरों का घेराव करेगी कांग्रेस

हालांकि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला पहले दिन से कह रहे हैं कि कांग्रेसजन शांतिपूर्ण तरीके से भाजपा पार्षदों के घर जाकर इस मांग के साथ उन्हें गुलाब का फूल व रोष पत्र देना चाहते हैं कि वह पानी की बढ़ी दरों को वापस कराएं, क्योंकि चंडीगढ़ नगर निगम में इस समय भाजपा का बहुमत है लेकिन कांग्रेस के इस आंदोलन के दौरान उनके मुकाबले भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की भीड़ इकट्ठी कर खुद कांग्रेसजनों को भड़काने का काम कर रही है। चावला ने अब 6 मार्च को वार्ड नम्बर-12 की भाजपा पार्षद चंद्रावती शुक्ला एवं वार्ड नम्बर-14 के भाजपा पार्षद कंवर राणा के घरों के घेराव का ऐलान किया है। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सेक्टर 45-ए में अजित कर्म सिंह स्कूल के सामने इकट्ठा होने को कहा गया है।

भाजपा ने फिर बोला हमला

कांग्रेस के इस आह्वान को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज पुनः कांग्रेस पर हमला बोला है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के महामंत्री चन्द्रशेखर ने एक बयान जारी कर कांग्रेस के इस आंदोलन को ओछी राजनीति बताया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को जहां कांग्रेस के लोग इकट्ठा होंगे वह स्थान सेक्टर 45-ए और बुड़ैल के लोगों के लिए अपने सेक्टर से बाहर निकलने का मुख्य मार्ग है तथा सेक्टर 45-ए और बुड़ैल में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं, परन्तु कांग्रेस ने स्थानीय निवासियों की आवाजाही की परेशानी की परवाह न करते हुए कांग्रेस के लोगों को वहीं इकट्ठा होने को कहा है। चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस ने अपना कार्यक्रम बनाते हुए यह भी ध्यान नहीं रखा कि शहर में लगातार कोरोना के केस बढ़ रहे हैं और ऐसे हालात में किसी भी प्रकार के धरना /प्रदर्शन नहीं करना चाहिए, जिसमें ज्यादा लोग इकट्ठा हो रहे हों और बीमारी के बढ़ने की आशंका हो।

कहा- किसी वर्ग की परेशानी नहीं देख रही कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपना कार्यक्रम बनाते हुए यह भी ध्यान नहीं रखा कि इस समय दसवीं के विद्यार्थियों के बोर्ड की परीक्षा चल रही हैं तथा ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने, माइक का इस्तेमाल करने, नारेबाजी व शोर शराबे के कारण विद्यार्थियों की पढाई में विघ्न पड़ता है। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों, बुजुर्गों, दुकानदारों, रोगियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सेक्टर-37 में भाजपा की सहनशीलता से टला था टकराव

उन्होंने कहा कि पिछले दिनों सेक्टर 37 में रह रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद और मेयर रविकांत शर्मा के घर के घेराव के समय स्थानीय निवासियों को कांग्रेस के द्वारा किये गए शोर शराबे व गुंडागर्दी के कारण बहुत परेशानी और तकलीफों का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के लोगों द्वारा भाजपा कार्यकर्ताओं को भड़काने का उस दिन बहुत प्रयास किया गया व भाजपा के नेताओं के प्रति अपशब्द व गालीगलोच का भी प्रयोग किया गया था परन्तु भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाई गई विनम्रता व सहनशीलता के कारण किसी भी प्रकार के हिंसक टकराव की स्थिति टल गई, जो की कांग्रेस के लोग करना चाहते थे। भाजपा द्वारा प्रशासन को पहले ही इसके विषय में अवगत करवा दिया गया था परन्तु प्रशासन इसको उचित ढंग से संभालने में नाकाम रहा एवं असमर्थ दिखा।

घटिया राजनीति की परिपाटी को जन्म दे रही कांग्रेस

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि समूची भाजपा ऐसे किसी भी कार्यक्रम का पूर्ण रूप से पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि किसी के घरों में इस प्रकार से अधिक संख्या में लोगों को लेकर जाना और स्थानीय लोगों को बेवजह परेशान करना कांग्रेस पार्टी घटिया किस्म की राजनीति की परिपाटी को जन्म दे रही है, जिसको भारतीय जनता पार्टी बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक मुद्दों को किसी के घरों के समक्ष लेकर जाना ये कहां की राजनीति है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी के कार्यालय है, वहां पर ऐसा करके कांग्रेस नेता अपनी राजनीति को चमकाएं तो बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि दरअसल कांग्रेस पार्टी का खुद का तो कोई वजूद चंडीगढ़ में है नहीं। इसलिए किसी न किसी बात को मुद्दा बना कर उसको तूल देकर पार्टी अपनी तरफ ध्यान आकर्षण करने का काम कर रही है, जोकि उचित नहीं है | शहर में किसी भी प्रकार का धरना प्रदर्शन रिहायसी इलाकों में करने की अनुमति नहीं है। इसके लिए प्रशासन ने एक स्थान को निश्चित किया हुआ है।

भाजपाई उचित ढंग से देंगे जवाब

चंद्रशेखर ने कहा कि भाजपा ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के रिहायशी इलाकों में इस प्रकार के धरना-प्रदर्शन पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि शहर के निवासियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, महिलाओं, दुकानदारों व खास तौर पर रोगी व्यक्तियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। अन्यथा भाजपा के कार्यकर्ता ऐसे लोगों को खुद ही रोकेंगे व उचित ढंग से ऐसे प्रदर्शन करने वालों को जवाब देंगे।

भाजपा सभी वर्गों की हितैषी, पानी के मुद्दे के हल के लिए पहले से कर रही प्रयास

भाजपा प्रदेश महामंत्री चन्द्रशेखर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गों की हितैषी है। पानी के मुद्दे को लेकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद पहले से ही प्रयास कर रहे हैं कि इसको वास्तविक दर पर लोगों को कैसे उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए उन्होंने गृह मंत्रालय से लेकर चंडीगढ़ प्रशासन के सभी आला अधिकारीयों से भेंट कर इस मुद्दे को हल कर के चंडीगढ़ की जनता को जिस दर पर निगम को पानी उपलब्ध हो रहा है उसी दर पर लोगों को दिए जाने की वकालत करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी, चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनोर और सलाहकार मनोज परिदा से बातचीत हो रही है और नगर निगम की मार्च माह की बैठक में इसका एजेंडा लाया जा रहा है तो ऐसे में कांग्रेस पार्टी को इतनी तिलमिलाहट क्यों हो रही है, ये सब समझ में आ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को इस प्रकार के बयान से बाज आना चाहिए और बेवजह मुद्दों को छेड़ कर चंडीगढ़ की जनता को गुमराह नहीं करना चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!