चंडीगढ़ में कांग्रेस को एक और झटका: कुलबीर सिंह व हरजिंदर सिंह के नेतृत्व में इंटक के दर्जनों नेता भाजपा में हुए शामिल

चंडीगढ़ सबोर्डिनेट सर्विस फैडरेशन ने भी इंटक से नाता तोड़ भाजपा को दिया समर्थन

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में कांग्रेस पार्टी को आज उस समय एक और बड़ा झटका लगा जब कांग्रेस के कर्मचारी संगठन इंटक के दर्जनों नेता भाजपा में शामिल हो गए और चंडीगढ़ सबोर्डिनेट सर्विस फैडरेशन ने भी इंटक से नाता तोडक़र भाजपा के समर्थन का ऐलान किया।

भाजपा कार्यालय कमलम में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने इंटक छोडक़र आए नेताओं को भाजपा का पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया। इस अवसर पर उनके साथ चंडीगढ़ की सहप्रभारी एवं राज्य सभा सांसद इंदुबाला गोस्वामी, मेयर रविकांत शर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन, पार्टी प्रवक्ता कैलाश जैन तथा मंडल प्रधान विजय शर्मा मौजूद थे।

कांग्रेस के कर्मचारी संगठन इंटक को छोडक़र भाजपा का समर्थन करने वाले इंटक के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस के संगठन सचिव हरजिंदर सिंह, इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश प्रधान कुलबीर सिंह, इंटक महासचिव एवं सैक्टर-24 आरडब्ल्यूए के चेयरमैन हरभजन सिंह, फर्नीचर मार्केट प्रधान मोहन लाल मौर्या, शास्त्री मार्केट से अनिल कुमार समेत दर्जनों इंटक व कांग्रेस नेताओं का भाजपा में शामिल होने पर अरुण सूद ने स्वागत किया।

इस अवसर पर चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग, शिक्षा, मनीस्ट्रियल स्टाफ, संपर्क केंद्र स्टाफ आदि का प्रतिनिधत्व करने वाले चंडीगढ़ सबोर्डिनेट सर्विस फैडरेशन यूटी चंडीगढ़ (सीएसएसएफ) के अध्यक्ष बलविंदर सिंह तथा महसचिव हरजिंदर सिंह बाजवा ने इंटक से नाता तोडक़र भाजपा के समर्थन का ऐलान किया। इस अवसर पर बोलते हुए भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस द्वारा ठंडे बस्ते में डाली गई ग्रुप हाउसिंग स्कीम को दोबारा शुरू करवाया गया है, जिसे कांग्रेस के समय में बंद कर दिया गया था।

उन्होंने बताया कि निगम में सफाई कर्मचारियों को प्रमोशन देकर क्लर्क बनाने का रास्ता साफ किया गया है। भाजपा के कार्यकाल के दौरान यहां अनुबंध पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को पक्के कर्मचारियों की तर्ज पर गुड़, तेल और साबुन देने का फैसला लिया गया। इसी कार्यकाल के दौरान अनुबंध पर काम करने वाले कर्मचारियों को पक्के करने का प्रस्ताव पारित करके प्रशासन को भेजा जा चुका है वह भी जल्द ही पक्के होंगे। सूद ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना व प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत निगम के सभी ग्रुप डी कर्मचारी, डोर टू डोर वेस्ट कलेक्ट एवं अनुबंध पर काम कर रहे कर्मचारियों को बीमा सुरक्षा प्रदान की गई है।

इंटक नेताओं ने कहा कि वह भले ही कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे लेकिन कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान कर्मचारी हित में कभी भी इतने फैसले नहीं लिए गए हैं। कर्मचारियों के हित में हुए कार्यों को देखकर ही उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया है।

error: Content can\\\'t be selected!!