असम के मुख्यमंत्री का राहुल गांधी पर आधारहीन मुकद्दमा दर्ज करने का आदेश भाजपा की हताशा का प्रतीक: कांग्रेस

चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने असम सरकार के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन

CHANDIGARH, 23 JANUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने असम सरकार पर सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करते हुए राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में जबरदस्त रूकावटें डालने का आरोप लगाते हुए भाजपा की कड़ी निंदा की तथा सेक्टर-35 स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि स्थानीय कांग्रेसियों ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर जघन्य, योजनाबद्ध और हिंसक हमलों का विरोध करने और भाजपा की तानाशाही नीतियों से पूरी ताकत से लड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वे भाजपा नेताओं के ऐसे कायरतापूर्ण कृत्यों से न पहले कभी डरे हैं और न आगे कभी डरेंगे।

इस अवसर पर पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह ने असम के हिमंता बिस्वा सरमा को “देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री” बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने असफ़लताओं के चलते इतने हताश हो गए कि उन्होंने असम के पुलिस महानिदेशक को राहुल गांधी के खिलाफ बिना शिकायत और जांच के बेसिरपैर का एक मुकद्दमा दर्ज करने का आदेश दे दिया। सुरिंदर सिंह ने कहा इससे पहले असम में ही भारत जोड़ो न्याय यात्रा के काफिले पर भाजपा के गुंडों के एक संगठित समूह ने हमला किया था, जिसमें असम कांग्रेस के अध्यक्ष सहित कई कांग्रेसी नेता घायल हो गए थे। चंडीगढ़ के महासचिव अच्छे लाल गौड़ ने आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री केवल अपनी घोर प्रशासनिक विफलता और अपने राज्य में बेलगाम भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए इस तरह से ग़ैरकानूनी ढंग से काम कर रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सर्वसम्मति से पूरे देश में सामाजिक और आर्थिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि अपनी पिछली भारत जोड़ो यात्रा की तरह इस बार भी राहुल गाँधी को जनता का बहुत भारी समर्थन मिल रहा है, जिससे भाजपा के हाथ पैर फूल रहे हैं। इस अवसर पर मौजूद अन्य प्रमुख नेताओं में राजीव मौदगिल, सुरजीत सिंह, परवीन नारंग, मनोज लुबाना, विपिन जोत अमन, धर्मवीर, विक्टर सिद्धू, सोनिया जयसवाल, मेघा कल्याण, किशोर कुमार, सुनील सूद, मनीष लांबा और देव राज शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!