चंडीगढ़ में सभी लोगों के बनेंगे आयुष्मान कार्ड, भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद की अपील पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने की कार्रवाई

CHANDIGARH, 4 APRIL: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया (Union Health Minister Mansukh Mandaviya) ने चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की मांग पर केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ (Union Territory Chandigarh) में आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी नागरिकों को आयुष्मान कार्ड दिए जाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए संबंधित अधिकारियों को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के पत्र पर आगामी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

यह जानकारी देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने गत दिनों केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया से मिलकर अन्य केंद्र शासित प्रदेशों की तरह चंडीगढ़ में भी सभी नागरिकों के लिए आयुष्मान कार्ड जारी किए जाने की मांग करते हुए उन्हें एक ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन पर संज्ञान लेते तथा सहमति जताते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस ज्ञापन को उचित कार्रवाई के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को प्रेषित कर दिया है, जो चंडीगढ़ में सभी के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाने की कार्रवाई की शुरुआत है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने इस कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है तथा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडवीया को धन्यवाद दिया है। साथ ही उन्होंने आशा व्यक्त की है कि शहर के सभी नागरिकों को जल्द ही आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय जहां भाजपा की बहुत बड़ी उपलब्धि होगी, वहीं चंडीगढ़वासियों के लिए भी बड़ी राहत लेकर आएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!