चंडीगढ़ में सड़क पर उतरे अल्पसंख्यक, OBC और SC समाज के लोग, निकाला संविधान बचाओ मार्च

कांग्रेस के बैनर तले हुआ आयोजन, एचएस लक्की बोले- सभी संवैधानिक संस्थानों को खत्म करने की साजिश कर रही मोदी सरकार

CHANDIGARH, 4 APRIL: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक, अन्य पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति विभाग ने आज यहां अंबेडकर भवन सेक्टर-37 से संविधान बचाओ मार्च का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने स्थानीय भाजपा कार्यालय की ओर मार्च करने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया तथा थोड़ी देर के लिए हिरासत में लेने के बाद छोड़ दिया गया।

इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हाफिज अनवर उल हक, धर्मवीर, जितेंद्र यादव और आसिफ चौधरी ने किया। मार्च की शुरुआत कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेक कर की। इस अवसर पर अंबेडकर सोसाइटी ने विरोध मार्च के आयोजकों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि मोदी सरकार देश की सभी संवैधानिक संस्थानों को खत्म करने की साजिश कर रही है। सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियां पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रही हैं और मोदी सरकार द्वारा अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इनका इस्तेमाल किया जा रहा है। लक्की ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा भारत के लोगों की आवाज दबाई जा रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को जल्दबाजी में लोकसभा से अयोग्य घोषित करने की साजिश रची गई और इससे पहले कई दिनों तक उन्हें संसद में बोलने की अनुमति नहीं दी गई। लक्की ने कहा कि जब राहुल गांधी ने लोकसभा में मोदी-अडानी रिश्ते पर गम्भीर आक्षेप लगाए तो ग़ैरकानूनी ढंग से उनकी टिप्पणियों को लोकसभा के रिकार्ड से हटा दिया गया।

इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस के अखिल भारतीय अल्पसंख्यक विभाग के प्रभारी सलीम भाटी ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र में भाजपा की दमनकारी सरकार से बिना रुके लड़ते रहेंगे। उन्होने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोगों के सभी लोकतांत्रिक अधिकारों को हड़प रही है और उनकी स्वतंत्रता तथा बोलने के संवैधानिक अधिकारों पर अंकुश लगा रही है।

चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव जाहिद परवेज खान ने शहर की अन्य गैर भाजपा पार्टियों से संविधान और देश को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी से हाथ मिलाने की अपील की। इस मौके पर पूर्व मेयर हरफूल चंद कल्याण और कमलेश बनारसी दास, पार्षद जसबीर सिंह बंटी के अलावा नसीब जाखड़, हाकम सरहदी, बलराज सिंह, राजीव मौदगिल, राजदीप सिद्धू, अच्छे लाल गौड़, प्रवीण नारंग बंटी, मोहम्मद सुलेमान, इश्तियाक अहमद और अतीन्द्रजीत रॉबी ने भी लोगों को संबोधित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!