BJP ने किया लोकसभा चुनाव का शंखनादः 30 जून तक चंडीगढ़ के 2.38 लाख घरों में दस्तक देंगे कार्यकर्ता, बताएंगे मोदी सरकार की उपलब्धियां- अरुण सूद

18 जून को सेक्टर-34 के ग्राउंड में होगी विशाल जनसभा, कई अन्य कार्यक्रम भी करेगी चंडीगढ़ भाजपा

अरुण सूद बोले- चंडीगढ़ के मुद्दों पर भी लोगों के सामने रखेंगे अपना रिपोर्ट कार्ड

दिसम्बर-2023 के बाद डड्डूमाजरा में नहीं दिखेगा कूड़े का पहाड़, हर घर को 24 घंटे पानी की सप्लाई का भी किया प्रबंध

CHANDIGARH, 31 MAY: बीते कल यानी 30 मई 2023 को केंद्र में भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। इस कड़ी में लोगों तक घर-घर मोदी सरकार की उपलब्धियों को ले जाने के लिए पार्टी ने महासंपर्क अभियान शुरू किया है। इसका शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अजमेर (राजस्थान) में एक बड़ी रैली करके किया तो चंडीगढ़ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एक प्रैस कांफ्रैंस कर एक महीने तक चलने वाले इस अभियान की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी मीडिया को देते हुए इसे पार्टी का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम बताया। अरुण सूद ने कहा कि हम इस अभियान में केंद्र की भाजपा सरकार की 9 साल की उपलब्धियों के साथ स्थानीय मुद्दों पर भी अपना रिपोर्ट कार्ड चंडीगढ़वासियों के सामने रखेंगे।

मेयर अनूप गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर कंवर राणा, भाजपा के चंडीगढ़ प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन, महामंत्री चंद्रशेखर, रामवीर, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकिशोर, सचिव तजिंदर सिंह सरां, दीपक मल्होत्रा, महिंदर निराला, सुखविंदर परमार, संजीव कुमार वर्मा, अजय शर्मा, उमेश घई, श्लोक गोयल समेत पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 9 साल में देश के विकास व जनकल्याण के लिए कई ऐसे ऐतिहासिक फैसले लिए, जिनके बारे में पूर्व की गैर भाजपाई सरकारों ने सोचा तक नहीं था। यही कारण है कि आज देशभर में विकास की आंधी चल रही है। उपलब्धियों की लंबी फेहरिस्त हैं। चंडीगढ़ भी इससे वंचित नहीं रहा है। सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में पानी की समस्या बड़ा मुद्दा था। भाजपा मेयर के नेतृत्व में चंडीगढ़ नगर निगम के प्रयासों का ही नतीजा है कि 2027 तक चंडीगढ़ के हर घर में 24 घंटे पानी की सप्लाई सुनिश्चित हो जाएगी। सूद ने कहा कि हमने बिजली के रेट भी चंडीगढ़ में नहीं बढ़ने दिए और न केवल पानी-बिजली की सप्लाई के मामले में चंडीगढ़ देश के अन्य राज्यों से अव्वल है, बल्कि दोनों के रेट भी चंडीगढ़ में सबसे कम हैं। सूद ने यह भी ऐलान किया कि दिसम्बर-2023 के बाद डड्डूमाजरा में कूड़े का पहाड़ भी देखने को नहीं मिलेगा। भाजपा मेयर के नेतृत्व में इस पर भी तेजी से काम चल रहा है। कूड़े का पहाड़ हटने के साथ ही डड्डूमाजरा व आसपास के तमाम सेक्टरों के लोगों को कूड़े की बदबू से भी निजात मिल जाएगी।

प्रैस कांफ्रैंस को संबोधित करते चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, साथ हैं मेयर अनूप गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर कंवर राणा व प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन।

एक सवाल के जवाब में अरुण सूद ने कहा कि भाजपा लालडोरा के मुद्दे पर भी गंभीर है। हमने लालडोरा के बाहर किसी भी पुराने निर्माण को न टूटने दिया, न ही टूटने देंगे। लालडोरा के बाहर जिनकी जमीन है, उनको लैंड पुलिंग पॉलिसी के तहत लाभ मिलेगा। प्रशासन इस दिशा में काम कर रहा है। इसी तरह सरकारी कर्मचारियों के मुद्दों, चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड से जुड़े मामलों, व्यापारियों के मुद्दों, नीड बेस्ड चेंज समेत तमाम जरूरी मामलों पर भाजपा की 8 कमेटियां तेजी से काम कर रही हैं, जल्द ही इसके नतीजे सामने होंगे।

पार्टी के महासंपर्क अभियान के बारे में बताते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के जश्न को ‘नौ वर्ष बेमिसालः सेवा सुशासन और गरीब कल्याण’ के रूप में मनाया जा रहा है। 30 जून तक चलने वाले महासंपर्क अभियान में 18 जून को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा सेक्टर-34 के ग्राउंड में एक विशाल जनसभा का भी आयोजन करेगी, जिसे भाजपा के केंद्रीय नेता व मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे।

सूद ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान कई अनूठी पहल की गईं, जिनमें जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत योजना, नई शिक्षा नीति आदि अनेक प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। इनके अलावा नोटबंदी, जीएसटी, आर्थिक सुधारों की पहलों, घर-घर तक बिजली पहुंचाना, हर घर नल, नई सड़कों का निर्माण, नागरिकता संशोधन बिल, एकल भारत अभियान, देश की आंतरिक सुरक्षा और रक्षा में सुधार, आत्मनिर्भर भारत अभियान, जल जीवन मिशन, स्वामित्व के संबंध में कानूनी सुधार, देश के आंतरिक और बाह्य मामलों में नीतियों के संशोधन आदि कई अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धियों को हासिल किया है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 समाप्त करने, तीन तलाक से निजात, भव्य राम मंन्दिर का निर्माण, उज्जैन महाकाल लोक का लोकार्पण, काशी विश्वनाथ गलियारे का निर्माण, नए संसद भवन का निर्माण आदि ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशों में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया। इसके अलाव अनेक ऐसी उपलब्धियां इन 9 वर्षों के शासनकाल में प्राप्त की गई हैं, जिनको जन-जन तक पहुंचाने के लिए महासंपर्क अभियान चलाया जा रहा है जिसके तहत 1 जून से 10 जून तक 1000 विशिष्ट प्रभावी व्यक्तियों के परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क किया जाएगा, जिनमें ख्याति प्राप्त खिलाड़ी, पूर्व सैनिक, कवि, राष्ट्रीय अवार्ड या अलंकार प्राप्त करने वाले महानुभाव, व्यापारी, उद्यमी, पत्रकार, समाजसेवी, धार्मिक नेता, डॉक्टर, वकील आदि शामिल होंगे।

अरुण सूद ने बताया कि 4 जून को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा विकास तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें इस अभियान की केंद्रीय संयोजक समिति के सदस्य राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन व महिला मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा गुप्ता उपस्थित रहेंगी। इस आयोजन के तहत सुबह 11:00 बजे कॉलोनी व स्लम एरिया के बच्चों को एयरफोर्स म्यूजियम ले जाया जाएगा। 12:30 बजे कुष्ठ रोगी आश्रम में रहने वालों व दिव्यांगों को बर्ड पार्क , 4 बजे महिलाओं को रायपुर कलां गौशाला, 5 बजे वरिष्ठ नागरिकों को इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर तथा 6 बजे रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों को हॉर्टिकल्चर प्लांट सेक्टर-48 ले जाया जाएगा।

सूद ने बताया कि प्रत्येक जिले में संयुक्त मोर्चा सम्मेलन भी किए जाएंगे, जिसके तहत भारतरत्न अटल जिले में 9 जून को, पंडित दीनदयाल जिले में 10 जून को, रानी झांसी जिले में 12 जून को, अंबेडकर जिले में 13 जून को, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिले में 14 जून को तथा शहीद भगत सिंह जिले में 19 जून को संयुक्त मोर्चा सम्मेलन किए जाएंगे। इसके अलावा 11 जून को विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। 11 जून को ही सभी जिलों में जिला स्तर पर लाभार्थी सम्मेलनों का आयोजन किया जाएगा। 1 जून से 10 जून तक वार्ड स्तर पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ परिचर्चा व सह भोज का आयोजन होगा। 21 जून को योगा दिवस पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे। 23 जून को डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के कार्यक्रम को हर बूथ पर स्तर पर किया जाएगा। 25 जून को सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात का कार्यक्रम होगा और शाम को प्रबुद्ध नागरिक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस सम्मेलन में आपातकाल पर संवाद का कार्यक्रम होगा। अरुण सूद ने बताया कि 20 जून से 30 जून तक घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता शहर के सभी 2.38 लाख घरों तक पहुंचेंगे तथा लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत करवाएंगे व मिस्ड कॉल करके भाजपा से नए सदस्य जोड़ेंगे। सूद ने स्पष्ट कहा कि यह भाजपा का अब तक का सबसे बड़ा कार्यक्रम है तथा 2024 के लोकसभा चुनाव का शंखनाद भी है।

error: Content can\\\'t be selected!!