मनीमाजरा के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कांग्रेस को मजबूत करने का लिया संकल्प, आसिफ चौधरी के नेतृत्व में दिखाई एकजुटता

चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगा यूथ माइनॉरिटी सैलः चेयरमैन आसिफ चौधरी

CHANDIGARH, 31 MAY: मनीमाजरा के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल के चेयरमैन आसिफ चौधरी के नेतृत्व में एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के मार्गदर्शन में कांग्रेस पार्टी के हाथ मजबूत करने का संकल्प लिया। आसिफ चौधरी की अध्यक्षता में मनीमाजरा में प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल की हुई एक मीटिंग में पार्टी की गतिविधियां तेज करने का निर्णय भी लिया गया।

इस मीटिंग में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रईस अहमद अंसारी, शमीम अहमद, खलील अहमद, युवा नेता इश्तियाक अंसारी, मोहम्मद कासिम, मोहमद उस्मान, मोहम्मद शब्बन, राशिद राणा, शेरू, दिलशाद अहमद, मोहम्मद आदिल, एडवोकेट जीशान समेत चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सैल के चेयरमैन आसिफ चौधरी ने कहा कि आज देश के राजनीतिक हालात में अल्पसंख्यक समुदाय को एकजुट रहकर कांग्रेस को मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि भाजपा जैसी समाज को बांटने वाली ताकत से देश में सिर्फ कांग्रेस ही लड़ सकती है तथा उसे हरा सकती है। साथ ही भारत की एकता व अखंडता को कांग्रेस ही कायम रख सकती है। आसिफ चौधरी ने कांग्रेस के शासनकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि देश को विकास के रास्ते पर ले जाने वाली सिर्फ कांग्रेस है, जबकि भाजपा ने अपने शासनकाल में केवल लोगों को आपस में लड़वाने तथा फूट डालो-राज करो वाली नीति को अपनाया है। इसीलिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को देश में भारत जोड़ो यात्रा निकालनी पड़ी, जिसको लोगों का अभूतपूर्व समर्थन व प्यार मिला और साम्प्रदायिक आधार पर कर्नाटक में अपना किला दोबारा खड़ा करने की भाजपा की कोशिश नाकाम हो गई।

मीटिंग में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल के नेता व कार्यकर्ताओं ने मनीमाजरा में मु्स्लिम भाईचारे को कांग्रेस के बैनर तले एकजुट करने के लिए अपने सुझाव दिए तथा इसके लिए आने वाले दिनों में कई कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया। इश्तियाक अंसारी ने कहा कि आसिफ चौधरी को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल का चेयरमैन बनाए जाने से मुस्लिम भाईचारे में नया जोश आ गया है और सभी युवा तथा बुजुर्ग उनके साथ खुलकर काम करना चाहते हैं। शमीम अहमद ने भी आसिफ चौधरी का खुलकर समर्थन किया और एक साथ काम करने का फैसला किया।

आसिफ चौधरी ने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में मुस्लिम भाईचारे के लोग एक साथ पूरे जोश के साथ चंडीगढ़ में कांग्रेस को मजबूत करते दिखेंगे। बहुत जल्द चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के यूथ माइनॉरिटी सैल की बूथ, वार्ड, जिला तथा प्रदेश कमेटी गठित कर दी जाएगी, जिसमें सभी प्रमुख लोगों को नई जिम्मेदारी दी जाएगी। आसिफ चौधरी ने कहा कि यूथ माइनॉरिटी सैल की पूरी टीम पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के मार्गदर्शन में काम करते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!