अरुण सूद पर कांग्रेस का पलटवारः पवन बंसल द्वारा उठाए गए गंभीर मुद्दों पर बोलने के बजाय लोगों को गुमराह कर रहे BJP नेता

पवन बंसल के लोकसभा चुनाव न लड़ने वाला सूद का बयान अनावश्यक और बचकानाः राजीव शर्मा

CHANDIGARH, 31 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद पर चंडीगढ़ कांग्रेस के बारे में झूठा और भ्रामक बयान देने तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल के अगला संसदीय चुनाव लड़ने या न लड़ने के बारे में अनर्गल कयास लगाने का आरोप लगातेे हुए कांग्रेस ने अरुण सूद की आलोचना की है।

बता दें कि कल चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एक बयान जारी कर कहा था कि भाजपा सरकार की विकास की आंधी से चंडीगढ़ में कांग्रेस के सर्वेसर्वा नेता पवन कुमार बंसल के पांव उखड़ गए हैं और लोकसभा चुनाव से पहले ही बंसल पीठ दिखाकर चुनाव मैदान से भाग खड़े हुए हैं। आज इस पर पलटवार करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने आज एक बयान जारी कर कहा कि चंडीगढ़ के बारे में दो दिन पहले पवन कुमार बंसल द्वारा उठाए गए गंभीर मुद्दों को संबोधित करने के बजाय भाजपा चंडीगढ़ के लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ और अपशब्दों का सहारा ले रही है। उन्होंने अरुण सूद के बयान को अनावश्यक और बचकाना करार देते हुए स्थानीय भाजपा इकाई पर आरोप लगाया कि शहर में भाजपा के कुशासन के कारण पैदा हुई वास्तविक समस्याओं की जिम्मेदारी लेने से भाजपा नेता भाग रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि केन्द्र द्वारा चंडीगढ़ में एकत्र किए गए सारे टैक्सों को शहर के विकास के लिए आवंटित क्यों नहीं किया जाता है और क्यों इसका एक हिस्सा केंद्र सरकार द्वारा हड़प लिया जाता है। कांग्रेस प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि पवन कुमार बंसल अगला लोकसभा चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस बात की चिंता करने के बजाय बीजेपी को चंडीगढ़ में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को सुलझाने, करों की उच्च दरों, बिगड़ती नागरिक सुविधाओं, शहर और गावों की स्वच्छता और डड्डूमाजरा में लगातार बढ़ते कचरे के पहाड़ को कम करने के बारे में सोचना चाहिए। कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि बंसल, जो कि कांग्रेस आलाकमान के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं, समय आने पर चंडीगढ़ से 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में स्वयं ही फैसला करेंगे। आज इस तरह के मुद्दों को उठाना जल्दबाजी है और भाजपा द्वारा इस बारे में माथापच्ची करना उसकी अपनी असुरक्षा की कहानी बताता है।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद द्वारा भाजपा के शासन के दौरान चंडीगढ़ में विकास के दावे को झूठ का पुलिंदा करार देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इस सुन्दर शहर के लोगों ने पिछले 9 साल में गैरजिम्मेदार प्रशासन, अपने मुम्बई निवास में अधिकतर समय बिताने वाली सांसद और भाजपा के विभाजनकारी तथा भ्रष्ट एजेंडे के कारण अपने जीवन स्तर और रहन-सहन की गुणवत्ता में गिरावट को देखा है। चण्डीगढ़ की जनता ने अगला चुनावी मौका मिलते ही भाजपा को हराने का मन बना लिया है।

भाजपा सरकार के विकास की आंधी से चंडीगढ़ में कांग्रेस के सर्वेसर्वा नेता पवन बंसल के पांव उखड़ेः अरुण सूद
error: Content can\\\'t be selected!!