भाजपा सरकार के विकास की आंधी से चंडीगढ़ में कांग्रेस के सर्वेसर्वा नेता पवन बंसल के पांव उखड़ेः अरुण सूद

CHANDIGARH, 30 MAY: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने आज कांग्रेस और चंडीगढ़ में उसके सबसे बड़े नेता माने जाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने 2024 में चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर पुनः भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा है कि पवन कुमार बंसल इस चुनाव से पहले ही पीठ दिखाकर चुनावी मैदान से भाग खड़े हुए हैं।

बता दें कि पवन कुमार बंसल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर लगातार तीन बार तथा कुल चार बार सांसद चुने गए थे लेकिन 2014 से वह लगातार भाजपा के मुकाबले चुनाव हार रहे हैं। आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने एक बयान जारी कर कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए अब एक साल से भी कम समय रह गया है और देश की जनता एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनते हुए देखना चाहती है। देश की जनता ने पुनः भाजपा के हाथ में ही बागडोर देने का फैसला कर लिया है।

अरुण सूद ने कहा कि भाजपा सरकार के विकास की आंधी में कांग्रेस ने पहले ही हार मार ली है। सूद ने कहा कि चंडीगढ़ में कांग्रेस के सर्वेसर्वा नेता व पिछले दो लोकसभा चुनावों में हार का मुंह देख चुके पवन कुमार बंसल ने तो पहले ही इस चुनाव से तौबा कर ली है। हाल ही में बंसल ने एक प्रेस कांफ्रैंस के दौरान ये बात स्वीकार भी कर ली है कि वह अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। सूद ने कहा कि पवन कुमार बंसल के इस फैसले से लग रहा है कि कांग्रेस चुनाव से पहले ही भाग खड़ी हुई है। बंसल को पता चल गया है कि चंडीगढ़ की जनता उन्हें अब कभी स्वीकार नहीं करेगी। इसलिए बंसल ने पहले ही पीठ दिखा दी है।

error: Content can\\\'t be selected!!