पंजाब राजभवन के बचाव में उतरी BJP: सुभाष चावला को शर्म आनी चाहिए, अपनी पोल खुलने के कारण ‘The Kashmir Files’ का विरोध कर रही कांग्रेस- चंद्रशेखर

CHANDIGARH, 20 MARCH: पंजाब राजभवन के ओडिटोरियम में फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ की स्पेशल स्क्रीनिंग को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की आपत्ति पर अब चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने पलटवार करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। साथ ही भाजपा इस मामले में पंजाब राजभवन के बचाव में उतर पड़ी है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के महामंत्री चंद्रशेखर ने राजभवन में इस फिल्म की स्क्रीनिंग पर कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुभाष चावला के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

आज यहां जारी एक बयान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि सुभाष चावला को शर्म आनी चाहिए, जो इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर में जो हालात पैदा हुए और लोगों, विशेष कर हिंदुओं को वहां से पलायन करना पड़ा, यह सब कांग्रेस की चाल थी और कश्मीर में भी जिस गैरकांग्रेसी सरकार का सुभाष चावला जिक्र कर रहे हैं वह कांग्रेस के इशारे पर ही काम कर रही थी, जिसके चलते हिंदुओं को कश्मीर से पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा। चंद्रशेखर ने कहा कि सुभाष चावला यह बताएं कि कश्मीर के इन हालात के बावजूद कांग्रेस ने हालात को ठीक करने के लिए क्या किया ? कांग्रेस ने केवल वोटों की राजनीति के अलावा वहां कुछ नहीं होने दिया।

चंद्रशेखर ने कहा कि कांग्रेस द्वारा जवाहरलाल नेहरू के समय से लेकर आज तक कभी भी कश्मीर का मसला हल करने की कोशिश नहीं की गई। कश्मीर को कांग्रेसियों ने कभी भी देश का हिस्सा नहीं माना, जबकि नरेंद्र मोदी की सरकार ने वहां से अनुच्छेद 370 खत्म करके कश्मीर को हिंदुस्तान का अभिन्न हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि सुभाष चावला राजनीति के चक्कर में यह भी भूल गए कि वह ऐसा बयान देकर राज्यपाल के पद की गरिमा पर भी सवालिया निशान लगा रहे हैं। आज देश का हर नागरिक यह जान गया है कि कश्मीर में क्या हालात हुए और किसकी वजह से हुए। इसी डर की वजह से कांग्रेस अब इस प्रकार की बयानबाजी पर उतर आई है, जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय जनता पार्टी ऐसे किसी भी बयान का कड़ा विरोध करती है।

चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि स्वतंत्रता के बाद कश्मीर की समस्या के लिए केवल और केवल कांग्रेस ही जिम्मेदार है और सुभाष चावला जो इस फ़िल्म को झूठा व समाज को तोड़ने वाली बता रहे हैं, वह निराधार है, जबकि यह पूरी फिल्म सच्चाई पर आधारित है तथा कांग्रेस इस फ़िल्म का केवल इस वजह से विरोध कर रही है कि कश्मीर में किए गए उसके कुकृत्य जनता के सामने आ गए हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!