भाजपा ने रामदरबार में मनाया संविधान दिवस: संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के विचारों को साथ लेकर चलती है BJP: अरुण सूद

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को रामदरबार में संविधान दिवस मनाया। इस मौके पर भाजपा के एससी मोर्चा की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद समेत कई पदाधिकारी पहुंचे।

सूद ने उपस्थित जनता को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों के बारे में बताया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा डॉ.अंबेडकर को उचित सम्मान दिया है।

इस मौके पर सूद के अलावा मेयर रविकांत शर्मा, महामंत्री रामवीर भट्‌टी, जिला अध्यक्ष नरेश पांचाल, स्थानीय पार्षद भरत कुमार, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्की शेरा, मनोनीत पार्षद हाजी खुर्शीद अली और मंडल अध्यक्ष बलजिंदर सूद और प्रदेश व जिला के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

प्रदेश अध्यक्ष सूद ने कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो डॉ.अंबेडकर के विचारों को सही मायने में साथ लेकर चलती है। जिसने देश के संविधान का निर्माण किया, उसे पिछली सरकारों ने भुला दिया और उन्हें उचित सम्मान नहीं दिया। लेकिन भाजपा ने डॉ.अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान का संविधान दुनिया का सर्वश्रेष्ठ संविधान माना गया है। देश के संविधान ने हमें मौलिक अधिकार दिए है और सभी को बराबरी का हक दिया।

सूद ने कहा कि हम सभी को समानता का अधिकार दिलाने वाले डॉ.अंबेडकर के बारे में सोचता हूं तो मेरे मन में उनके लिए सम्मान प्रकट होता है। इसलिए आज उन्हें इस कार्यक्रम के जरिए याद किया गया है। सूद ने कहा कि नगर निगम के इतिहास में पहली बार मेयर ऑफिस में डॉ.अंबेडकर की तस्वीर भी उन्होंने ही लगाई थी।

सूद ने कहा कि जब मैं मेयर बना तो मैंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के साथ डॉ.अंबेडकर की तस्वीर भी लगाई ताकि उनका आर्शीवाद हमेशा मेरे सिर पर बना रहे। सूद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा अनुसूचित जाति समाज के विकास के लिए कार्य किए हैं। भाजपा ने ही कांट्रेक्ट पर काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को बराबरी का हक दिलाया।

error: Content can\\\'t be selected!!