भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस: चंडीगढ़ में 350 स्थानों पर ध्वजारोहण किया और 17 जगह शोभायात्रा निकाली

CHANDIGARH, 6 APRIL: भारतीय जनता पार्टी ने आज देशभर में अपना स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। चंडीगढ़ में इस अवसर पर 350 स्थानों पर ध्वजारोहण किया गया, 17 स्थानों पर शोभायात्रा निकाली गई, 33 स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उदबोधन को सुना।

सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा मुख्यालय कमलम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह ने ध्वजारोहण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने बापूधाम सेक्टर 26 में मंडल अध्यक्ष और पार्षद के निवास पर ध्वजारोहण किया तथा उसी वार्ड में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री के उदबोधन का सीधा प्रसारण देखा।  

ध्वजारोहण के पश्चात कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के संस्थापक सदस्यों की दूरदर्शिता और कार्यकर्ताओं के अनथक प्रयासों से आज भारतीय जनता पार्टी विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन के रूप के स्थापित हुई है।  उन्होंने कहा कि पार्टी का ध्वज हमें राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है और यह ध्वज हम सभी के लिए गौरव, स्वाभिमान और समर्पण का प्रेरणा पुंज है।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कैंबवाला में ध्वजारोहण किया।  इसके अतिरिक्त पार्टी द्वारा विभिन्न वार्डों में पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख कार्यकर्ताओं को ध्वजारोहण की जिम्मेदारी दी गई थी, जिन्होंने निर्देशित स्थानों पर ध्वजारोहण किया और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्बोधन को सुना।  

error: Content can\\\'t be selected!!