चंडीगढ़ की स्वच्छता रैंकिंग धराशायी होने के लिए BJP दोषी, नाकारा मेयर समेत पूरे निगम सदन को तुरंत बर्खास्त करें प्रशासकः प्रदीप छाबड़ा

CHANDIGARH: स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 में चंडीगढ़ की बदतर हुई रैंकिंग पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा को एक बार फिर बुरी तरह घेर लिया है। आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा है कि चंडीगढ़ की इस हालत के लिए सिर्फ भाजपा दोषी है, जो पिछले पांच साल से नगर निगम पर काबिज है और चंडीगढ़ को साफ-सुंदर रखने का जिम्मा नगर निगम के ही पास है। छाबड़ा ने भाजपा से इसके लिए सार्वजनिक रूप से जिम्मेदारी स्वीकार करने की मांग करते हुए चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से आग्रह किया है कि अपनी जिम्मेदारी निभाने में नाकाम रहे मेयर रविकांत शर्मा समेत वर्तमान नगर निगम सदन को तुरंत बर्खास्त करें।

प्रदीप छाबड़ा ने एक बयान जारी कर कहा कि चंडीगढ़ कभी सिटी ब्यूटीफुल के नाम से जाना जाता था लेकिन आज देश में स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के नतीजे बता रहे हैं कि चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल से डर्टीफुल हो गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के नतीजों से यह भी स्पष्ट हो गया है कि भाजपा ने अब तक के अपने पूरे कार्यकाल में चंडीगढ़ को साफ-सुथरा, सुंदर बनाने तथा उसका सिटी ब्यूटीफुल का दर्जा बहाल करने की दिशा में कोई काम नहीं किया। भाजपा ने नगर निगम में सिर्फ भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया।

छाबड़ा ने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम में पिछले पांच साल में सबसे ज्यादा सफाई संबंधी कार्यों को लेकर ही उंगली उठती रही है। भाजपा के मेयर तथा पार्षदों ने सिर्फ निजी कंपनी को सफाई कार्य का ठेका दिलाने तथा सफाई कार्यों में भ्रष्टाचार करके अपनी जेबें भरने में दिलचस्पी दिखाई। शहर की सफाई से उनका कोई लेना-देना नहीं रहा। यदि भाजपा के मेयर व पार्षद अपने निजी स्वार्थों के बजाय शहर को साफ-सुथरा बनाने को तवज्जो देते, जो कि उनकी पहली जिम्मेदारी थी, तो शायद आज स्वच्छ सर्वेक्षण के नतीजों में चंडीगढ़ की रैंक सुधर गई होती लेकिन भाजपा के नगर निगम पर काबिज रहते चंडीगढ़ की रैंक लगातार गिरते-गिरते आज उस पायेदान (66 नंबर) पर पहुंच गई है, जहां से चंडीगढ़ को वापस लाना शहर के लिए बड़ी चुनौती बन गई है।

पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि चंडीगढ़ के विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली भाजपा स्वच्छ सर्वेक्षण-2021 के नतीजों से शहर में मुंह दिखाने लायक भी नहीं रह गई है। अगले महीने होने वाले नगर निगम चुनाव में चंडीगढ़ के लोग इस झूठी व नाकारा पार्टी को नगर निगम की सत्ता से बाहर करके जरूर सबक सिखाएंगे। छाबड़ा ने कहा कि लोगों की उम्मीदें अब सिर्फ आम आदमी पार्टी से हैं और आम आदमी पार्टी ही चंडीगढ़ को पुनः सिटी ब्यूटीफुल बनाने की चुनौती से उबार सकती है। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम चुनाव जीतने के बाद आम आदमी पार्टी का पूरा जोर चंडीगढ़ को स्वच्छता की रैंक में सबसे ऊपर लाने पर रहेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!