भाजपा ने चंडीगढ़ में एक जिला इकाई और बढ़ाई, शहर को 6 जिलों में बांटा, प्रदेश कार्यकारिणी की मीटिंग में कई निर्णय

पंचकूला निगम चुनाव में जीत से उत्साहित चंडीगढ़ के भाजपाई मोहाली नगर निगम चुनाव में भी करेंगे पार्टी उम्मीदवारों का प्रचार

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक सेक्टर 33 स्थित प्रदेश कार्यालय “कमलम” में प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चंडीगढ़ पंजाब के प्रभारी राष्ट्रीय, महामंत्री राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने बैठक में मुख्य अतिथि के रुप में हिस्सा लिया बैठक में पंजाब के संगठन मंत्री दिनेश कुमार शर्मा, पार्टी महामंत्री चंद्रशेखर, रामवीर, पूर्व सांसद व भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन सहित सभी प्रदेश पदाधिकारियों जिला अध्यक्ष सभी मोर्चा अध्यक्ष सभी प्रकोष्ठो के संयोजक व मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।

प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री व राज्यसभा सांसद दुष्यंत कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी होते हैं तथा इन्हीं के बलबूते ही पार्टी देश में सरकार बना पाई है एवं हर स्तर पर जीत हासिल कर पाई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की महत्वता पर विशेष बल दिया।

प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा इस दौरान पार्टी द्वारा किए गए कामों का ब्यौरा दिया उन्होंने पंचकूला नगर निगम के चुनावों में चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कामों की प्रशंसा की और कहा कि पंचकूला के चुनाव जीतने में चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं का बहुत बड़ा योगदान रहा जिसमें कि चंडीगढ़ के लगभग 600 कार्यकर्ता दिन-रात चुनाव जिताने में लगे रहे। इसी प्रकार मोहाली निकाय चुनावों में भी चंडीगढ़ के कार्यकर्ता ऐसे ही तन मन से पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने में मदद करें। ऐसा उन्होंने चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया।

प्रदेश संगठन मंत्री दिनेश कुमार शर्मा ने संगठनात्मक समीक्षा की व विभिन्न क्षेत्रों की संगठन संबंधी रिपोर्ट ली और दिशा निर्देश दिए। हाल ही में लोकसभा में पेश किए गए अर्थव्यवस्था को गति देने वाले व देश के विकास को नए आयाम देने वाले बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का धन्यवाद करने का प्रस्ताव पास किया गया।

बैठक के तीसरे सत्र में भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर द्वारा राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया गया। जिसमे भारतीय जनता पार्टी द्वारा चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के लगभग 60000 मकानों में रहने वालों को नोटिस और अन्य समस्याओं से निजात दिलाने के लिए दिल्ली पैटर्न पर वन टाइम सेटेलमेंट की ओर कदम बढ़ाने के प्रयास प्रारंभ कर दिया जाना, लालडोरा से बाहर की आवासीय एवं गैर आवासीय संपत्तियों को नियमित करना, चंडीगढ़ में पानी की बढ़ी हुई कीमतों में कमी करके शहर वासियों को वित्तीय लाभ दिलाया जाना, मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल सेक्टर 16 को मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में प्रयास प्रारंभ किया जाना शामिल है।

राजनीतिक प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि इस वर्ष केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ नगर निगम को विगत वर्ष से 77 करोड अधिक देकर विकास कार्यों को गति प्रदान करने का कार्य किया है। शहर के पूरे कचरे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, शहर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने हेतु लगभग 400 गाडिय़ां शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा एकत्रित करेंगीं। पार्टी यह भी सुनिश्चित करती है कि निगम की आय बढ़ाने के प्रयासों में शहरवासियों पर कोई भी अतिरिक्त बोझ नहीं डाला जाएगा । भारतीय जनता पार्टी का यह प्रयास है कि शहर की जनता को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए।

इस प्रस्ताव का अनुमोदन पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने किया। जबकि प्रदेश सचिव हुकमचंद द्वारा द्वितीय अनुमोदन किया गया। विस्तार से चर्चा और विभिन्न कार्यकर्ताओं के सुझावों को शामिल करने के बाद इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया। बैठक में शहर की समस्याओं और नगर निगम चुनावों में उठाए जाने वाले मुद्दों के बारे में सुझाव लिए जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। बैठक में सभी जिला अध्यक्षों तथा मोर्चा अध्यक्षों ने अपने-अपने जिलो और मोर्चो की गतिविधियों का ब्योरा दिया और अपने अपने वृत वितरित पर विस्तार से चर्चा की तत्पश्चात धन्यवाद प्रस्ताव के साथ बैठक का समापन हुआ।

उक्त जानकारी देते हुए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन व नरेश अरोरा ने बताया कि बैठक में संगठन की दृष्टि से भाजपा के 5 जिले थे जिनको बढ़ाकर 6 जिले बनाए जायेंगे तथा प्रत्येक जिले का महानुभावों के नाम से नामकरण किया गया हैं, जिसमें पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, शहीद भगत सिंह नगर, महारानी लक्ष्मी बाई नगर, डॉ. अंबेडकर नगर, श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर तथा अटल बिहारी वाजपेई (अटल नगर) के नाम से नामकरण किया गया हैं।

राजनीतिक प्रस्ताव

पूरे विश्व के लिए विगत वर्ष दुविधा-भरा रहा है। हमारे लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हिन्दुस्थान ने ‘आपदा में अवसर’ की नीति पर कार्य करते हुए अभूतपूर्व आयाम प्राप्त किये हैं। इतना ही नहीं सरकार द्वारा किये प्रयासों का परिणाम है कि कोरोना से स्वस्थ होने का प्रतिशत 97 पार कर चुका है। दुनिया को कोरोना से बचाने के लिए हिन्दुस्थान ने जो वैक्सीन बनाकर निर्यात की है जिसकी समूचा विश्व प्रशंसा कर रहा है।

चण्डीगढ़वासियों की समस्याओं का निराकरण करने हेतु भारतीय जनता पार्टी निरंतर प्रयासरत है। पिछले दिनों शहर में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के लगभग 60,000 मकानों में रहने वालों को नोटिस और अन्य समस्याओं से निजात दिलाने के लिए दिल्ली पैटर्न पर ‘वन टाइम सेटलमेंट’ की ओर कदम बढ़ाने प्रारंभ किए हैं। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के फ्रीहोल्ड मकानों के कन्वर्जन चार्जेस कम करवाने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को दिशानिर्देश दिलवाये जाएंगे ताकि उन निवासियों को लाभ मिल सके।

चंडीगढ़ में शामिल गाँवों के निवासियों की वर्षों से लंबित ‘लाल डोरा’ से बाहर की आवासीय एवं गैर-आवासीय सम्पत्तियों को नियमित करने की दिशा में भाजपा द्वारा प्रयास जारी हैं और शीघ्र ही इसके निराकरण की सम्भावना है। गाँव के बिल्डिंग बायलॉज शहर के बिल्डिंग बायलॉजसे अलग गांववासियों की आवश्यकता को ध्यान में रखकर बनवाये जायेंगे।

चंडीगढ़ नगर निगम में शामिल हुए सभी गांवों को ‘पंजाब रिऑर्गनाइजेशन एक्ट’ के अनुसार शहरी दर्जा दिलवाया जायेगा।

शहर में स्थित गांवों के किसानों के हितों की रक्षा हेतु मार्केट कमेटी के पुनस्र्थापन और निदेशकों एवं चेयरमैन को नामित करवाने हेतु भी भारतीय जनता पार्टी निरंतर प्रयासरत है और शीघ्र ही इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे।

भारतीय जनता पार्टी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि चंडीगढ़ में पानी की बढ़ी हुई कीमतों में कमी करके शहरवासियों को वित्तीय लाभ दिया जाए। इस हेतु पार्टी पार्षदों द्वारा नगर निगम की मासिक बैठक में प्रस्ताव भी पारित कर दिया गया है।

चंडीगढ़ की हरित पट्टिका में बढ़ोतरी करने हेतु शहर की विभिन्न सड़कों के किनारे पौधरोपण का कार्य प्रारम्भ किया गया और आज विभिन्न सड़कों पर हरियाली सबकी आँखों को सुहाती है जिससे हमारा ‘स्वच्छ एवं हरित चंडीगढ़’ का स्वप्न साकार होगा।

चंडीगढ़ में बिजली की सुविधा को बेहतर बनाने, चोरी रोकने और तारों के जाल को समाप्त करने हेतु बिजली की तारों को अंडरग्राउंड करने का कार्य प्रारम्भ करने के लिए ‘पायलट प्रोजेक्ट’ प्रारम्भ किया गया है जिससे शहर में तारों के जाल को समाप्त किया जाएगा। इस दिशा में कार्य प्रारम्भ हो चुका है और सेक्टर 8 में यह कार्य लगभग समाप्ति पर है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रयासों से चंडीगढ़ के युवाओं को अधिकतम संख्या में डॉक्टर बनाने हेतु चंडीगढ़ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, सेक्टर 16 को मेडिकल कॉलेज बनाने की दिशा में प्रयास प्रारम्भ किया गया है ताकि हमारे युवा इन सेवाओं में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।

चंडीगढ़वासियों के लिए नए साल में सबसे बड़ा उपहार केंद्र सरकार द्वारा नगर निगम के बजट में बढ़ोतरी के रूप में प्राप्त हुआ है। इस वर्ष केंद्र सरकार ने चंडीगढ़ नगर निगम को विगत वर्ष से 77 करोड़ अधिक देकर विकास कार्यों को गति प्रदान करने का कार्य किया है।

शहर के युवाओं को रोजग़ार के अवसर प्रदान करने हेतु चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा लगभग 400 वाहन चालकों की भर्ती की प्रक्रिया प्रारम्भ करवाई गई। इसके साथ-साथ चंडीगढ़ होम गार्ड में वालंटियर्स की भर्ती भी प्रारम्भ करवाई गई और यह भी सुनिश्चित किया गया कि चंडीगढ़ के युवाओं को उसमें प्राथमकिता दी जाए।

शहर के व्यापारियों को उनके बूथों के ऊपर स्टोर बनाने की अनुमति दिलवाने के लिए समुचित प्रयास किये जाएंगे। अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ी जातियों के सर्टिफिकेट जारी करने के कार्य का सरलीकरण हेतु प्रयास किये जाएंगे। शहर के विभिन्न ग्रीन बेल्ट और पार्कों का नाम देश के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के नाम पर रखवाने हेतु प्रयास किये जाएंगे।

सैक्टर 25 में स्थित गारबेज डिस्पोजल प्लांट जो कांग्रेस के अक्षम नेतृत्व और स्वार्थपरक राजनेताओं की नाकामियों के कारण शहरवासियों के लिए एक नासूर का रूप ले चुका था, उसे नगर निगम ने जे.पी. कम्पनी से अपने हाथों में ले लिया और उसके आधुनिकीकरण पर मंथन एवं विशेषज्ञों से विमर्श कर वहां पर पुन: शहर के पूरे कचरे का निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। आज नगर निगम द्वारा कचरा निस्तारण हेतु निकाले गए ‘एक्सप्रेशन ऑफ़ इंटरेस्ट’ में 13 कंपनियों द्वारा रूचि दिखाई गई है। शीघ्र ही वहां आधुनिकतम तरीके से कचरा निस्तारण का कार्य प्रारम्भ हो जाएगा।

शहर की स्वच्छता रैंकिंग में स्थिति सुधारने हेतु लगभग 400 गाडिय़ां शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा एकत्रित करेंगी और सीधे कचरा निस्तारण एवं प्रबंधन केंद्रों तक पहुंचाएंगी। इसके अतिरिक्त घरों से कूड़ा उठाने वालों का रोजग़ार बचाए रखने हेतु उन्हीं लोगों को निगम की कूड़ा उठाने वाली गाडिय़ों में काम पर लगाने का निर्णय लिया गया है।

हम सब जानते हैं कि आने वाला वर्ष नगर निगम हेतु चुनावी वर्ष है और भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता ने इन चुनावों में पार्टी की विजय पताका फहराने हेतु अभी से कमर कस ली है। यह सर्वविदित है कि चंडीगढ़ नगर निगम के वार्डों का परिसीमन हो चुका है और वार्डों की संख्या 35 हो गई है।

चुनावी वर्ष को लेकर जहां पार्टी का कार्यकर्ता उत्साहित है वहीं भाजपा शासित नगर निगम के समक्ष चुनौतियां भी हैं। नगर निगम द्वारा प्रारंभ किए गए विकास कार्यों को समयबद्ध और सुचारु रूप में पूर्ण करवाने का दायित्व भी है। चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों की सडक़ों की रिकार्पेटिंग का काम समय पर पूरा करवाना पार्टी की प्राथमिकताओं में है।

चंडीगढ़वासियों को विश्वस्तर की सुविधाएं प्रदान करने के लिए यह भी आवश्यक है कि नगर निगम वित्तीय रूप से सुदृढ़ हो और इस हेतु पार्टी द्वारा गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी यह भी सुनिश्चित करती है कि निगम की आय बढ़ाने के प्रयासों में शहरवासियों पर कोई भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं डाला जाएगा।

इन सभी चुनौतियों के बावजूद भारतीय जनता पार्टी का यह प्रयास है कि शहर की जनता को हर प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं और हम सबके सामूहिक प्रयासों से हमारा शहर और शहरवासी स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें और इस शहर की पहचान ‘सिटी ब्यूटीफुलÓ बरकरार रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!