भाजपा घबरा गई है और आम जनता को गुमराह करने के लिए झूठा उत्साह दिखा रहीः राजीव शुक्ला

चंडीगढ़ में पार्टी से जिसे भी टिकट मिलेगा, उसका सभी कांग्रेसजन समर्थन करेंगेः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 27 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के बूथ स्तरीय सह-प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, डीसीसी अध्यक्षों, पार्षदों, फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों और पदाधिकारियों की एक बैठक आज यहां सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की के नेतृत्व में हुई। इसमें चंडीगढ़ के प्रभारी राजीव शुक्ला, एआईसीसी सचिव तेजिंदर बिट्टू और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी मौजूद रहे।

इस मौके पर एच.एस. लक्की ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कार्यप्रणाली और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की और कहा कि चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस भाजपा से मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में पार्टी से जिसे भी टिकट मिलेगा, उसका सभी कांग्रेसजन समर्थन करेंगे और उसे जिताने में जी जान लगा देंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों और हाल ही में हुए मेयर चुनाव में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा निभाई गई सकारात्मक भूमिका से भी केंद्रीय नेताओं को अवगत कराया।

इसके बाद पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव के संबंध में अपनी राय रखी। सभी की बात ध्यान से सुनने के बाद प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस गरीब महिलाओं को हर साल एक लाख रुपए देगी और केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही युवाओं को तीस लाख सरकारी नौकरियां देगी। इसके अलावा बहुत सी अन्य योजनाएं कांग्रेस लाएगी। शुक्ला ने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कैंडिडेट घोषित करेगी और उसके बाद सभी को पार्टी के कैंडिडेट को जिताने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह से घबरा गई है और आम जनता को गुमराह करने के लिए झूठा उत्साह दिखा रही है और लोगों को बरगला रही है। मोदी सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं और जल्द ही केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी।

इस अवसर पर पवन कुमार बंसल ने भारत के निर्माण में कांग्रेस की सरकारों के योगदान को याद करते हुए कहा कि पार्टी केंद्र और शहर में कांग्रेस द्वारा किए गए कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएगी। तेजिंदर बिट्टू ने कहा कि पार्टी अपना घोषणापत्र बनाने की तैयारी में है और जल्द ही इसे जारी किया जाएगा। पार्टी ने महिलाओं, युवाओं आदि से संबंधित पांच न्याय गारंटी पहले ही शुरू कर दी हैं। अंत में सभी पार्टी कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी द्वारा की गई सफल यात्रा के लिए उनका आभार व्यक्त किया और आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए पूरे दिल से काम करने का संकल्प लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!